ऐतिहासिक पांवटा साहिब गुरुद्वारा में सजा कवि दरबार, 32 कवियों ने गुरु महिमा का किया बखान
- Admin Admin
- Mar 15, 2025

नाहन, 15 मार्च (हि.स.)। ऐतिहासिक गुरुद्वारा पांवटा साहिब में 341वें होला मोहल्ला के अवसर पर शुक्रवार रात भव्य कवि दरबार का आयोजन किया गया। इस कवि सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड और अन्य राज्यों से 32 प्रसिद्ध कवियों ने शिरकत की।
गुरु गोविंद सिंह को काव्य से विशेष प्रेम था, और वे अक्सर पूर्णिमा की रात यमुना नदी के किनारे कवि दरबार सजाया करते थे। इसी परंपरा को निभाते हुए हर साल होला मोहल्ला के दौरान गुरुद्वारा पांवटा साहिब में कवि दरबार का आयोजन किया जाता है। इस दौरान कवि गुरु की महिमा, सिख इतिहास और सामाजिक संदेशों से भरी कविताएं प्रस्तुत करते हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मैनेजर जागीर सिंह और इंचार्ज गुरमीत सिंह ने बताया कि इस बार कवि दरबार खुले पंडाल में आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल हो सकें। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में संगत पहुंची, जिसमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और झारखंड से श्रद्धालु विशेष रूप से शामिल हुए।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्रद्धालुओं के ठहरने, लंगर और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की थी। गुरु गोविंद सिंह ने पांवटा साहिब में अपने प्रवास के दौरान 52 कवियों के साथ कई महत्त्वपूर्ण रचनाएं लिखीं। उनके द्वारा रचित ग्रंथों को आज भी श्रद्धालु प्रेम और श्रद्धा से पढ़ते और गाते हैं। इसी परंपरा के चलते पांवटा साहिब को दुनिया का पहला कवि दरबार भी कहा जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर