नियमित योग करने से शरीर में ऊर्जा का संचार : हिमांशु बडोनी

- भारतीय योग संस्थान ने किया योग साधना केंद्र का शुभारम्भ

प्रयागराज, 05 मई (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में भारतीय योग संस्थान द्वारा संचालित “निःशुल्क योग साधना केंद्र” शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि योग हमें जोड़ता है, हमारे मन और शरीर को एकाग्र करता है। जब हम योग करते हैं तो मांसपेशियों में खिंचाव, मरोड़ और खिंचाव जैसी कई क्रियाएं होती हैं। इससे हमारे शरीर की थकान दूर होती है और हम हमेशा तरोताजा महसूस करते हैं। यदि आप नियमित रूप से योग करते हैं तो आपके शरीर में ऊर्जा का संचार होगा।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इसके पूर्व मंडल रेल प्रबंधक, अन्य अधिकारीगण और भारतीय योग संस्थान के जय प्रकाश श्रीवास्तव, राजेश कुमार जायसवाल अन्य पदाधिकारियों ने मां सरस्वती तथा भारतीय योग संस्थान के संस्थापक स्व. प्रकाश लाल के प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर जयप्रकाश श्रीवास्तव, राजेश कुमार जायसवाल एवं हंस कुमार राय ने कार्यक्रम का संचालन किया। मंडल सभागार में उपस्थित सभी रेल कर्मचारियों को योग कराया गया एवं योग के लाभ एवं बारीकियों से अवगत कराया। बताया कि योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया है जिसमें शरीर और आत्मा को एकरूप करना ही योग कहलाता है। योग समझने से ज्यादा करने की विधि है। योग साधने से पहले योग के बारे में जानना बहुत जरुरी है।

क्षेत्रीय प्रधान राजन कुमार श्रीवास्तव द्वारा योग साधना केंद्र की मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय शाखा के संरक्षक रामकृत सिंह यादव, केंद्र प्रमुख अशोक कुमार एवं उप केंद्र प्रमुख प्रशांत कुमार के नाम की घोषणा की गई। साथ ही गौतम शील निजी सहायक मंडल रेल प्रबंधक को शाखा की स्थापना में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सर्वेश पांडेय, जिला मंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी योग साधकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

योग साधना के इस आयोजन में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मनीष खरे, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एस.के शुक्ला, मंडल कार्मिक अधिकारी के एल जायसवाल, सहा कार्मिक अधिकारी आदेश मिश्रा, सहायक मंडल विद्युत अभियंता ललवानी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/मोहित

   

सम्बंधित खबर