मैनपुरी से डिम्पल व बदायूं से आदित्य यादव भी हारेंगे चुनाव : स्वतंत्रदेव सिंह

तीसरे चरण की सभी लोकसभा सीटें जीत रही भाजपा : स्वतंत्रदेव सिंह

लखनऊ, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि तीसरे चरण की सभी दस लोकसभा की सीटें भाजपा जीत रही है। मैनपुरी से डिम्पल यादव व बदायूं से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव भी चुनाव हार रहे हैं। हार की हताशा में सपा के कार्यकर्ता हिंसा पर उतारू हो चुके हैं। उनके नेता अपने बयानों से लोगों को भड़काने का कुकृत्य करने में जुटे हैं।

यह बातें स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार की सायं भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में जो माहौल बना है उससे यह साफ है कि मोदी ही के नेतृत्व में तीसरी बार जनादेश मिल रहा है। जनता जनार्दन ने अब प्रदेश की सभी 80 सीटों पर कमल खिलाने का स्पष्ट मन बना लिया है। दोनों ही चरणों में जनता ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। प्रदेश की देवतुल्य जनता ने मोदी जी को पुनः सेवा करने के लिए चुन लिया है।

भाजपा नेता ने कहा कि आज मैनपुरी में जिस तरह से भाजपा नेताओं पर हमला हुआ, वह यह दिखाने के लिए पर्याप्त है कि मैनपुरी डिंपल यादव की भी बुरी तरह पराजित हो रही हैं, जनता ने उन्हें नकार दिया है।

फिरोजाबाद में सपा प्रमुख के चाचा राम गोपाल ने आज राम मंदिर को लेकर जो बयान दिया वह वोट बैंक और वर्ग विशेष को खुश करने के लिए दिया। उनके पुत्र भी फिरोजाबाद से बुरी तरह चुनाव हार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बदायूँ में सपा प्रमुख के चाचा शिवपाल यादव भी हताशा और निराशा में प्रशासन और पुलिस पर अपनी खीझ निकाल रहे थे। उनके पुत्र भी बदायूँ से बहुत बुरी तरह से हार रहे हैं। चौथे चरण में प्रदेश की जनता सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी कन्नौज में चुनाव हराने वाली है। इंडी अलायंस पूरे देश में बुरी तरह पराजित हो चुका है, इनके नेता इसलिए लगातार अनर्गल बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इनके नेताओं की संदिग्ध नीयत और नीति का पर्दाफाश हो चुका है। कहा कि इस बार के चुनाव में जनता ने विपक्ष मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति के विरोध में कमल के फूल पर दनादन बटन दबाकर अपना मत स्पष्ट कर दिया है। आज के चुनाव में जनता ने ईवीएम को कमल से लबालब कर दिया है। परिणाम भाजपा के पक्ष में है, हताशा और निराशा में सपा और इंडी अलायंस के नेता और समर्थक भी वोट देने के लिए नहीं निकले हैं।

उन्होंने चुनाव के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर चुनाव आयोग, मतदान कर्मियों, सुरक्षा बलों सहित सभी मतदाताओं का अभिनंदन किया है। उन्होंने लोकतंत्र के महायज्ञ को निर्विघ्नता पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए इस पुनीत कार्य में लगे सभी लोगों और जनता जनार्दन के प्रति भी आभार जताया है।

प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह,अवनीश त्यागी,भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे और डा. अंकुश त्रिपाठी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर