सीडीपीओ की शिकायत लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी पहुंची उप जिलाधिकारी दरबार

हरिद्वार, 09 मई (हि.स.)। लक्सर में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) व आंगनबाड़ी कर्मचारियों के बीच अक्सर मामला उलझा रहता है। आंगनबाड़ी कर्मचारी बाल विकास परियोजना अधिकारी पर कई तरह के आरोप लगाती रही हैं। अधिकारी व कर्मचारियों के बीच कई बार बैठकर वार्ता भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। गुरुवार को आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने बाल विकास परियोजना अधिकारी के रवैया को लेकर लक्सर उप जिला अधिकारी का दरवाजा खटखटाया और उन्हें मौखिक रूप से शिकायत की। उप जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कर्मचारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी व आंगनबाड़ी कर्मचारियों को निश्चित समय देकर बुलाया गया है।

लक्सर उप जिलाधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने अपने बाल विकास परियोजना अधिकारी पर कई तरह के आरोप लगाए हैं, और कार्रवाई की मांग की है। अधिकारी व कर्मचारी दोनों को ही बुलाया गया है। दोनों तरफ की बात सुनी जाएगी, उसके बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल आंगनबाड़ी कर्मचारियों की ओर से मौखिक शिकायत की गई है। अगर मामला नहीं सुलझता है तो मामले पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर