ग्रीष्म कला उत्सव : संगीत व चित्रकला पर आधारित चार वृतचित्र फिल्मों का प्रदर्शन

ग्रीष्म कला उत्सव : संगीत व चित्रकला पर आधारित चार वृतचित्र फिल्मों का प्रदर्शन

देहरादून, 09 मई (हि.स.)। लैंसडाउन चौक स्थित दून पुस्तकालय और शोध केंद्र की ओर से आयोजित पांच दिवसीय ग्रीष्म कला उत्सव-1 के दूसरे दिन गुरुवार को पहले सत्र में छात्रों के लिए लघु फिल्म पर आधारित आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों को शॉर्ट फिल्म द मिनिएचरिस्ट ऑफ जूनागढ़ दिखाई गई।

फिल्म पर आधारित तीन मुख्य सवालों में से किसी एक सवाल पर छात्रों से त्वरित जवाब मांगे गए। इनमें से छात्रों के तीन सर्वश्रेष्ठ जवाबों को निर्णायक समिति ने पुरस्कार के लिए चयन किया है। निर्णायकों की समिति में इतिहासकार डॉ. योगेश धस्माना, सामाजिक कार्यकर्ती इरा चौहान व शिक्षाविद् रेनू शुक्ला हैं। प्रतियोगिता में राहुल बिष्ट प्रथम, हिमानी डांगी द्वितीय व नादिश तृतीय स्थान पर रहे।

शाम के सत्र में संगीत और चित्रकला पर आधारित फिल्मों के वृतचित्रों का प्रदर्शन किया गया। इसमें सबसे पहले 'बेगम अख्तर : जिक्र उस परिवश का' दिखाई गई। निर्मल चंदर की ओर से निर्देशित इस फिल्म की अवधि 64 मिनट रही। वृत चित्र का शीर्षक हिन्दुस्तानी गजलों की रानी बेगम अख्तर की ओर से गाई गई मिर्जा गालिब की गजल की पहली दो पंक्तियों से लिया गया है। यह फिल्म जीवन संबंधी वृत्तचित्र के स्थापित मापदंडों से परे पहुंचती है। यह फिल्म बेगम अख्तर को उनके नजदीकी प्रशंसकों के कथानकों के जरिए पुनर्जीवित करने का प्रयास करती है। इस फिल्म में उनकी कथात्मक व्याख्या उनके गहन गीतों के माध्यम से मुखरित होती है।

दूसरी प्रदर्शित वृतचित्र फिल्म 'नोट्स ऑन गुलेर' रही। 55 मिनट की अवधि की इस फिल्म को अमित दत्ता ने निर्देशित किया है। यह वृतचित्र पीछे छूट गए लोगों की यादों के माध्यम से डूबे हुए अतीत के कुछ निशानों को तलाशने में सफल दिखती है। वहीं तीसरी प्रदर्शित वृतचित्र फिल्म की अवधि 13 मिनट की रही। 'पिलग्रिम्स प्रोग्रेस' शीर्षक से इस फिल्म के निर्देशक मोनिका देशवाल और सागर गुसाईं हैं। यह फिल्म देहरादून स्थित चित्रकार मोनिका तालुकदार के सौम्य पथ का मार्मिक वर्णन करती है। जैसा कि वे बताते हैं, यह 80 वर्षीय चित्रकार पूरी फिल्म में चित्रकारी करती है। इस दौरान सभागार में निकोलस हॉफलैंड, बिजू नेगी, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर