सरिया काटते समय हाथ से छूटा ग्राइंडर गर्दन पर गिरने से मजदूर की मौत

पाली, 12 मई (हि.स.)। पाली में मकान निर्माण के दौरान सरिया काटते समय मज़दूर के हाथ से ग्राइंडर छूट कर गर्दन पर गिर गया। इससे उसकी गर्दन कट गई। तत्काल उसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार पाली के जंगीवाड़ा निवासी 47 साल के शहादत अली पुत्र शौकत अली मकान निर्माण का काम करते हैं। शहर के बजरंग बाड़ी एरिया में मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। हमेशा की तरह रविवार सुबह शहादत अली अपने मकान निर्माण साइट पर गया था। जहां सुबह करीब 11 बजे लोहे का सरिया काटते समय शहादत अली के हाथ से ग्राइंडर छूट कर उसकी गर्दन पर गिर गया। इससे तेज धारदार ग्राइंडर से शहादत अली की गर्दन कट गई। मौके पर खून फैल गया। तुरंत इलाज के लिए उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन और परिचित पहुंचे। मृतक शहादत अली खुद अच्छा कारीगर था। उसका अपना अच्छी डिजाइन का मकान बनाने का सपना था। लेकिन इस हादसे के कारण अधूरा रह गया।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर