पालघर लोकसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभा रहीं सामाजिक संस्थाएं, कई ने दिया बविआ को समर्थन

मुंबई, 14 मई, (हि. स.)। पालघर लोकसभा चुनाव में सामाजिक संस्थाएं भी खूब सक्रिय हैं। ये संस्थाएं उम्मीदवारों को समर्थन देकर उनका वोट प्रतिशत बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में बहुजन विकास आघाडी (बविआ) को जायसवाल सेवा संस्था ने अपना समर्थन दिया है। इसके पहले भारतीय साहू (तेली) समाज, दुर्गा शक्ति वेलफेयर सोसायटी, हुसैन कमेटी, चौरसिया सेवा समाज संस्था, उत्तर भारतीय महासंघ सहित कई संस्थाएं बविआ को समर्थन दे चुकी हैं।

जायसवाल सेवा संस्था द्वारा आयोजित स्नेह मिलन समारोह के दौरान वसई से डहाणू तक जुड़े लगभग 5 हजार से अधिक सदस्यों वाली इस संस्था ने बविआ अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर को समर्थन की घोषणा की। संस्था ने नालासोपारा विधानसभा के विधायक क्षितिज ठाकुर की उपस्थिति में बविआ उम्मीदवार विधायक राजेश पाटील को अपने सदस्यों का बहुमूल्य वोट दिलाकर विजय दिलाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान बविआ के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व उपमहापौर उमेश नाईक, पूर्व सभापति भरत मकवाना, उत्तर भारतीय विकास संस्था के अध्यक्ष राजेश पांडेय, जायसवाल सेवा संस्था के अध्यक्ष आनंद जायसवाल, लक्ष्मी जायसवाल, सुनील परदेशी, रामानंद जायसवाल, विनोद जायसवाल, दीनानाथ जायसवाल, अतुल जायसवाल, संदीप जायसवाल, डहाणू से राजेंद्र जायसवाल, राम आसरे जायसवाल, इंदर जायसवाल, बोईसर से विजय जायसवाल, रामजनम जायसवाल, संगीता जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जायसवाल समाज के लोग उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पालघर सीट के लिए 20 मई को वोटिंग होनी है। इस सीट पर महायुति से भाजपा के उम्मीदवार हेमंत विष्णु सावरा चुनाव मैदान में हैं। वहीं बहुजन विकास आघाडी (बविआ) ने बोईसर के विधायक राजेश पाटील और महाविकास आघाडी ने शिवसेना (उद्धव) की प्रत्याशी भारती कामड़ी को मैदान में उतारा है।

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर