हत्या का आरोपी गिरफ्तार

मुंबई,03 अप्रैल (हि.स.)। पालघर जिले की पुलिस ने हत्या के मामले में 35 साल से अधिक समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। मानिकपुर पुलिस थाना के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने ने बताया कि 30 नवंबर 1988 को सलीम अकबर अली (24) की पालघर जिले के वसई इलाके के नवघर में कुछ लोगों ने मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा-302 और 34 के तहत आठ लोगों विजय सुदाम राणे, शंकर बागली मखान, धर्म धर्मेंद्र, शेखर पुजारी, चंद्रशेखर शेट्टी, कुमार होदे, धनंजय बेलूर और क्लामेंट सिमोन लोबो उर्फ मुन्ना के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बेलूर और लोबो को छोड़ बाकी छह आरोपियों को 1988 में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। लोबो बहरीन भाग गया था और तीन साल पहले भारत लौटा था। पुलिस को जानकारी मिली कि लोबो (55) भारत आया है और वसई शहर के मानिकपुर में रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने लोबो को सोमवार को उसके घर से पकड़ा जहां वह छिपकर रह रहा था। पुलिस ने बताया कि बेलूर को पकड़ने की कोशिश जारी है।

हिंदुस्थान समाचार/

   

सम्बंधित खबर