प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी की राजनाथ सिंह ने किया जमकर तारीफ

लखनऊ, 14 मई(हि.स.)। देश के रक्षामंत्री और भाजपा से लखनऊ लोकसभा सीट पर प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने अवध चौराहा पर जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ के विकास में कोई कमी नहीं की गयी। इस विकास कार्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरा योगदान है। उनसे किसी भी विकास के मुद्दे पर वार्ता हुई तो उन्होंने तुरंत ही कार्यो को पूरा कराने में सहमति दी।

रक्षामंत्री ने आगे प्रधानमंत्री की तारीफ की और कहा कि लखनऊ के तेजी से विकास की तरह ही देश का भी तेजी से विकास हुआ है। विश्व में पहले भारत कोई बात कहता था तो उसको प्राथमिकता में नहीं लिया जाता था। अब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। इसका श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देना चाहता हूं। पाकिस्तान के सांसद ने कहा है, भारत विश्व की महाशक्ति बन रहा है तो पाकिस्तान अपनी बर्बादी के लिए जाना जा रहा है।

राजनाथ सिंह ने भाजपा के मेनिफेस्टो पर कहा कि भाजपा सबसे विश्वसनीय पार्टी है। हमने अपने मेनिफेस्टो में जो कुछ कहा है, उसे पांच वर्षो की सरकार में पूरा किया है। हमारे कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। चाहे जम्मू कश्मीर की धारा 370 का मामला हो या राम मंदिर का मामला हो। भगवान राम अपने कुटिया से निकल कर अपने महल में प्रवेश कर चुके है। भाजपा कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा कि मोदी जी का जो सपना लखनऊ को लेकर था, उसे धरातल पर उतारने का प्रयास करुंगा।

इस अवसर पर महापौर सुषमा,पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया,उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व एमएलसी अरविन्द त्रिपाठी, एमएलसी मुकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा आनन्द द्विवेदी ने भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह को पुष्प गुच्छ देकर उनका लखनऊ कैण्ट विधानसभा और जनसभा के मंच पर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर