झारखंड के कोडरमा में तेजस्वी यादव ने भरी हुंकार

kod

कोडरमा (झारखंड), 15 मई (हि.स.)। राज्य के जयनगर प्रखंड के पिपचो में महागठबंधन की चुनावी जनसभा में बुधवार को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हुंकार भरी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही कहा कि बीते 10 वर्षों में देश विनाश के पथ पर अग्रसर हो चुका है। विकास कोसों दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं। आने वाले दिनों में यदि पुनः नरेन्द्र मोदी सत्ता में पहुंचेंगे तो देश को रसातल में ले जाएंगे।

तेजस्वी ने कहा कि मोदी समस्त सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में देकर देश के युवाओं को बेरोजगार कर रहे हैं। आज भारत के युवा देश के अन्य क्षेत्रों में भटक रहे हैं। झारखंड में रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। पूर्व की रघुवर दास की सरकार ने झारखंड की नौकरियों को बेचने का काम किया। भाजपा की सरकार देश में नक्सली हिंसा पर लगाम नहीं लगा पाई। कोडरमा की धरती से आप सभी लोगों को यह वचन लेना होगा कि आने वाले 20 मई को उत्कृष्ट विधायक से सम्मानित विनोद कुमार सिंह को भारी मतों से विजय दिलाना है।

तेजस्वी ने कहा कि कोडरमा को अभ्रक की धरती के नाम से जाना जाता है। यहां खनिजों का भंडार है। फिर भी झारखंड प्रदेश के लोग पलायन करने पर मजबूर हैं। यदि इंडी गठबंधन की सरकार देश में बनती है और विनोद कुमार सिंह कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचते हैं तो प्रत्येक जिले में रोजगार के अवसर खोले जाएंगे। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने ईडी का हवाला देकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल में डालने का काम किया लेकिन एक दिन जेल का ताला टूटेगा, हेमंत सोरेन छूटेगा और पुनः झारखंड का विकास गति से होगा।

माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भारत के लोकतंत्र में इससे बड़ी कोई घटना नहीं हो सकती कि जब देश के प्रधानमंत्री देशहित में ना सोचकर देश के धन को लूटाने का काम कर रहे हों। लगता है प्रधानमंत्री संतुलन खो चुके हैं। गिरिडीह के पेशम में सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा था कि लोग हमें गोली मारने की बात करते हैं लेकिन शायद वह नहीं जानते की गोली मारने और मरवाने का काम भारतीय जनता पार्टी करती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद अध्यक्ष रामधन यादव, संचालन मोहम्मद इब्राहिम, बीस सूत्रीय अध्यक्ष इस्लाम अंसारी, जावेद और राजकुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ संजीव/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर