धमतरी : प्रतिबंधित पालीथिन से शहर की नालियां हो रही जाम

धमतरी, 17 मई (हि.स.)। राज्य शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश भर में पालीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके बाद भी बेधड़क प्रतिबंधित पालीथिन का उपयोग हो रहा है लगातार पालीथिन के उपयोग होने से शहर की प्रमुख नालियां भी जाम हो जाती हैं। इस संबंध में बार-बार लोगों को जागरूक किया जा रहा है इसके बाद भी लोगों में जागरूकता नहीं आ पाई है। लोग अधिकतर समान पालीथिन में ही लेकर चलते हैं।

धमतरी शहर में प्रतिबंधित पालीथिन के उपयोग को रोकने के लिए कुछ साल पहले बड़े पैमाने पर अभियान चला इसका बेहतर प्रतिसाद भी देखने को मिला और लोग पालीथिन की जगह घर से थैला लेकर सामान खरीदने निकलने लगे। जिन दुकानों में सामग्री बिक्री थी वहां पर भी नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन अब फिर से पहले जैसी स्थिति बन गई है। यही कारण है कि शहर के 40 वार्डों के अधिकांश सड़क किनारे पालीथिन, डिस्पोजल का ढेर देखने को मिल जाएगा। इस पर रोक लगनी चाहिए, लेकिन रोक नहीं लग पा रही है। शहर के चार से पांच प्रमुख दुकानों में पालीथिन की बिक्री बेधड़क की जा रही है। प्रतिबंधित पालीथिन के उपयोग को रोकने के उद्देश्य नगर निगम ने कुछ साल पहले अभियान चलाया था। जिसका अच्छा परिणाम भी देखने को मिला था। दुकानदार पालीथिन रखने से बच रहे थे, लेकिन अब फिर से वही पुराना ढर्रा शुरू हो गया है। शहर के कई दुकानों में आसानी से प्रतिबंधित पालीथिन, डिस्पोजल मिल जाएगा। लोग दुकान से सामान खरीद कर कचरा नालियों में फेंक देते हैं, जिससे नालियां जाम हो जाती है।

पालीथिन, डिस्पोजल के कारण बनती है ओवरफलो की स्थिति

प्रतिबंधित पालीथिन, डिस्पोजल के कारण ही शहर की प्रमुख नालियां जाम रहती है। वर्षा के मौसम में वर्षा जल के समुचित बहाव नहीं होने से ओवरफलो की स्थिति बनती है। शहर के नागरिक पवन कुमार साहू, चंद्र कुमार देवांगन, इंद्रेश देवांगन का कहना है कि नगर निगम को फिर से पूर्व की तरह प्रतिबंधित पालीथिन के उपयोग को रोकने का अभियान शुरू करना चाहिए।

की जा रही है कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने कहा कि घर को साफ- सुथरा बनाए रखने की जिम्मेदारी हर एक नागरिक की है। प्रतिबंधित पालीथिन का उपयोग किया जाना किसी भी लिहाज से सही नहीं है। नगर निगम द्वारा एक टीम का गठित कर कार्रवाई की जा रही है। दो दिन पूर्व ही टीम ने कार्रवाई की है। आगे भी कार्रवाई जा रहेगी।

महापौर ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील

महापौर विजय देवांगन ने प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का विक्रय नहीं करने के लिए व्यापारियों से निवेदन करते हुए आम नागरिकों से भी सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के लिए यह आवश्यक है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार किया जाए। किसी भी प्रकार की सामग्री लेने के लिए कपड़े से बने थैले इत्यादि का उपयोग करें। प्लास्टिक से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इसको देखते हुए धमतरी निगम क्षेत्र में प्लास्टिक को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर