भाजपा चार सौ सीट जीतकर बनाएगी अपनी सरकार - केशव मौर्य

सिद्धार्थनगर, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी चार सौ का आंकड़ा पार करके अपनी सरकार बनाएगी।

वह सोमवार को सिद्धार्थनगर के बर्डपुर जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा के प्रत्याशी जगदम्बिका पाल को जिताने की अपील किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के बढ़ते जनाधार से लोग चिंतित हैं। सबसे ज्यादा चिंतित विपक्ष के लोग हैं जो देश को बेचना चाहते हैं। आम जनता के हक पर डाका डालना चाहते हैं। लेकिन, भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा की एक तरफ भाजपा है उसने जो कहा है वो किया है। वहीं दूसरी तरफ कट्टर बेईमान लोगों का समूह है। जिन्होंने 12 लाख करोड़ रूपये की लूट की है। सब आरोपी हैं, जिनमें कुछ जेल में हैं और कुछ टेम्पररी बेल पर हैं।

उन्होंने कहा कि सपा की साइकिल ध्वस्त हो चुकी है क्योंकि जनता ने ईवीएम को कमल से लबालब कर दिया है। भाजपा अपना रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है। कांग्रेस अमेठी और रायबरेली में भी बुरी तरह पराजित हो रही है। अमेठी में प्रियंका गांधी का सहानुभूति वाला स्वांग काम नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सपा के शासन काल में गुंडों की भरमार थी। अगर सपा का झंडा लगाकर कोई चलता था तो उसमें ऐसा लगता था कि कोई गुंडा ही बैठा है।

उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में 22 जनवरी को रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी तो अखिलेश यादव को निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन वह अयोध्या में नहीं पहुंचे। जबकि माफिया सरगना मुख्तार अंसारी की कब्र पर फातिहा पढ़ने पहुंच गए। इससे ऐसा सिद्ध होता है यह लोग देश को बांटना चाहते हैं। लेकिन भाजपा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं होने देंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भाजपा 400 का आंकड़ा पार करके अपनी सरकार बनाएगी। पूरा देश विकास के तरफ अग्रसर होगा। प्रधानमंत्री ने अपने शासनकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। जो की एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने लोगों से अपील किया कि आप सबका एक-एक वोट कीमती है। इसलिए मतदान के दिन जलपान से पहले अपना महत्वपूर्ण वोट भाजपा के पक्ष में डालें और पड़ोसियों के वोट भी डलवायें। भाजपा जीतेगी तो देश आगे बढ़ेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बहन बेटियों की सुरक्षा की गारंटी रहेगी,आस्था के केंद्र विकसित होंगे। सांस्कृतिक गौरव की बहाली होगी। मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो खुशहाली की गारंटी रहेगी। देश का मान, सम्मान भी बढ़ेगा और भारत की साख और भी मजबूत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ बलराम/राजेश

   

सम्बंधित खबर