पलामू में ससुराल गया युवक पांच दिन बाद अमानत नदी घाट पर बालू में बेहोश मिला

पलामू, 25 मई (हि.स.)। ससुराल गया युवक पांच दिन बाद अमानत नदी में बेहोशी की हालत में मिला। उसे एमआरएमसीएच मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया। अब उसे होश में आ गया है। उसने परिजनों और पुलिस को घटना के संबंध में कई जानकारियां दी है।

युवक पूरनचंद महतो (35) लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पिपरा का रहने वाला है। वह 20 मई से लापता था। उसके परिजनों ने 22 मई को तरहसी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इस बीच बांसगुरू अमानत नदी घाट पर उसे बालू में पड़ा देखा गया। स्थानीय युवकों ने इसकी जानकारी पांकी के पकरिया मुखिया पति मिंटू वर्मा को दी तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। उसका हाथ-पैर बंधा हुआ था।

एमआरएमसीच में इलाजरत पूरनचंद ने पुलिस को बताया कि 20 मई को वह पत्नी को लेने ससुराल नवगढ़ गया था। वह पत्नी को लेकर घर लौटना चाह रहा था लेकिन उसे ससुराल वाले आने नहीं दे रहे थे। इसे लेकर पंचायत हुई। पंचायत में लड़की ससुराल आने से मुकर गयी। इसी दौरान ससुर कृत महतो, साला लक्ष्मण महतो, पंकज महतो, संतन महतो एवं जय महतो ने उसे बंधक बना लिया और कमरे में बंद करके रखा गया।

पूरनचंद ने बताया कि 22 मई को उसकी जमकर पिटायी की गयी। जहर पिलाने की कोशिश की गयी लेकिन पिया नहीं। बाद में वह बेहोश हो गया। इसके बाद से उसे कुछ पता नहीं कि उसके साथ आगे क्या हुआ? होश आने पर उसने खुद को अस्पताल में पाया।

इस बाबत तरहसी के थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि पूरनचंद का बयान लिया गया है और उसके आधार पर छानबीन की जा रही है। पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आयेगा।

उल्लेखनीय है कि पूरनचंद की चौथी शादी हुई है। पूर्व की तीन पत्नियों की अलग-अलग कारणों से मौत हो गयी। उसकी चौथी पत्नी शादी-शुदा और एक बच्चे की मां है।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिलीप कुमार/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर