पीएम मोदी के पिछले दस वर्षों का ट्रैक रिकार्ड जनता के सामने : सिद्धार्थ नाथ सिंह

-जनता देश के विकास पर कर रही वोट : सिद्धार्थ नाथ सिंह

प्रयागराज, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि इस चुनाव में सबसे बड़ा फैक्टर प्रधानमंत्री मोदी हैं। जनता यह देखकर वोट कर रही है कि कौन देश का विकास कर सकता है। पीएम मोदी का पिछले 10 सालों का ट्रैक रिकॉर्ड जनता के सामने है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए का जो परफॉर्मेंस है उसका कोई मुकाबला नहीं है। देश की जनता मोदीजी के विजन के साथ जुड़ गई है और इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा पीएम मोदी के लीडरशिप को लेकर है।

छठे चरण के चुनाव को लेकर शनिवार को मीडिया से रूबरू होते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शहर पश्चिमी बीजेपी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि जनता में मतदान को लेकर खासा उत्साह है। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा गठबंधन 2019 से ज्यादा सीटें 2024 के चुनाव में जीतने जा रहा है। 2024 तक भारत में गरीबों की योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है, आईटी सेक्टर में क्रांति आई है, डिफेंस सेक्टर में, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में और अन्य योजनाओं के कारण भारत में एक नया प्लेटफॉर्म बना है। जो 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाएगा। विश्व के बड़े देश अमेरिका, चाइना, रसिया आदि जो भारत की ओर देख रहा है। यह चुनाव उस पार्टी और लीडरशिप चुनने का है। जिससे एक मजबूत राष्ट्र और विकसित भारत बनेगा।

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि 2017 में भी दो लड़कों की जोड़ी लड़ने आई थी। जो चुनाव में पिट गयी थी। फिर से उन्हें शौक लगा, भाजपा को एतराज नहीं फिर से हराने में। 2024 चुनाव में फिर पिटने आ गए दोनों लड़के। उन्हें अपनी हार दिख रही है। 2019 में पाकिस्तान ने आतंकवाद के जरिए भारत में अस्थिरता करने का प्रयास किया था। तो मोदी ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जबाब दिया था। उनकी सीमा में घुसकर आतंकवादियों को नेस्तनाबूद किया था।

प्रयागराज की दोनों लोकसभा सीटों पर नए प्रत्याशी उतारने को लेकर उन्होंने कहा कि यह पार्टी का अपना फैसला होता है। फूलपुर सीट पर भाजपा विधायक प्रवीण पटेल उम्मीदवार हैं और युवा चेहरा है। जबकि इलाहाबाद सीट पर पूर्व राज्यपाल पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे युवा अधिवक्ता नीरज त्रिपाठी उम्मीदवार हैं।

उन्होंने कहा है कि बीजेपी के दोनों युवा उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे और अच्छा काम करेंगे। अंत में कहा कि 4 जून को बीजेपी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी और एक बार फिर से प्रधानमंत्री मोदी ही देश के पीएम बनेंगे और 4 जून को दीपावली भी मनाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर