चुनाव जीतने के लिए प्रत्येक बूथ जीतना है : धर्मपाल

मिर्जापुर, 25 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को मीरजापुर लोकसभा संचालन समिति, लोकसभा के संयोजक व प्रभारी, विधानसभा संचालन समिति, विधानसभा के प्रभारी व संयोजकों के साथ बैठक की। वहीं सोनभद्र में दुद्धी विधानसभा उपचुनाव संचालन समिति, विधानसभा के प्रभारी व संयोजकों तथा मंडल अध्यक्ष, प्रभारी व प्रवासियों के साथ बैठक में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देशवासियों की आर्थिक उन्नति तथा विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए भाजपा काम कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, सामरिक व आर्थिक रूप से संपन्न भारत निर्माण के लिए अहर्निश कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भाजपा की सरकार आवश्यक है और सरकार बनाने के लिए प्रत्येक चुनाव जीतना आवश्यक है। चुनाव जीतने के लिए हमें प्रत्येक बूथ पर विजय प्राप्त करना है।

प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि मजबूत बूथ प्रंबधन से प्रत्येक बूथ पर अभेद्य व्यूह रचना तैयार करके लक्ष्य केन्द्रित कार्य करना है। हर बूथ पर अभियान चलाकर अवश्य मतदान और भाजपा के लिए मतदान के आग्रह के साथ मतदाताओं से जुड़ना है। मतदान पूर्ण होने तक बूथ पर डटे रहना है और हर बूथ पर पिछले चुनाव से 370 अधिक वोटों को भाजपा से जोड़ना है। बूथ प्रबंधन की सबसे मजबूत कड़ी में परिवार पर्ची, वोटर पर्ची तथा मोदी जी का पत्र को प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। इसके साथ ही बूथ समिति एवं पन्ना प्रमुखों की टीम कार्य विभाजन करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की योजनाओं व ऐतिहासिक निर्णयों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव का़े बडे़ अन्तर से जीतने के लिए हमें मतदान पूर्ण होने तक परिश्रम के साथ कार्य करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण के साथ ही देश के सभी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक केन्द्रों का विकास हो रहा है। सांस्कृतिक और आस्था के केंद्रों के विकास से राष्ट्र का स्वाभिमान जागृत हुआ है। आज भारत विश्व का नेतृत्व करने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मोदी-योगी सरकार की योजनाओं से देश के गरीब वर्ग को आवास, बिजली, पानी, पढ़ाई व दवाई की उपलब्धता से गरीबों की आर्थिक व सामाजिक उन्नति हुई है। किसान खुशहाल हुआ है तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। वहीं योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा, गुंडागर्दी, माफियाराज सहित भ्रष्टाचार से मुक्त हुआ है। बहन, बेटियां, घर, खेत खलिहान सुरक्षित हुए हैं। देश व प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/दिलीप

   

सम्बंधित खबर