सबसे मजबूत लोकतंत्र की नीव पंडित नेहरू ने ही रखी थी - ताराचंद मीणा

उदयपुर, 27 मई (हि.स.)। आज विश्व में हमारे देश का लोकतंत्र सबसे मजबूत है और वो पंडित जवाहरलाल नेहरु जी की ही देन है। 1947 में जब पंडित नेहरू जी के नेतृत्व में कांग्रेस की पहली सरकार बनी थी उस समय देश के हालात किसी से छिपे हुए नही थे।

यह बात पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर सोमवार को उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उदयपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी ताराचंद मीणा ने कही। उन्होंने कहा कि उस समय आजाद भारत में एक सुई भी नहीं बनती थी। विकास की कोई योजना नही थी। ऐसे समय मे देश का विकास करना और लोकतंत्र को जिंदा रखने का काम पंडित नेहरू ने किया। धीरे-धीरे नेहरू ने विकास की नींव रखी जिसमें समाज के हर वर्ग के लिए अवसर दिए गए। उस समय के अविकसित भारत मे नेहरू ने पंचवर्षीय योजनाओं के माध्यम से देश में विकास की रूपरेखा तैयार की। देश मे बड़े-बड़े स्कूल, कॉलेज और हॉस्पिटल बनाये, कल-कारखानों की स्थापना की।

उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने बताया कि सूरजपोल स्थित उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने एक दूरदर्शी राजनेता के रूप में देश में राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक भवन की नींव रखी। पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया ने पंडित नेहरू को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम, शांति स्थापना, आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू के योगदान का देश कृतज्ञ है।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता/संदीप

   

सम्बंधित खबर