घर में खून से लथपथ अवस्था में मिला शव, हत्या की आशंका

शोणितपुर (असम), 01 जून (हि.स.)। जिला के जामुगुरीहाट के सामधरा पानीगांव में एक व्यक्ति की मौत को लेकर इलाके में सनसनी व्याप्त है। मृतक के परिजनों ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। मृतक की मां और बहन आज शिवसागर से घर पहुंचकर समूची घटना को देखने के बाद कहा है कि मेरे पुत्र की किसी संपर्की ने हत्या की है। माना जा रहा है कि तीन दिन पहले युवक की हत्या कर शव को फेंका गया था।

सूचना मिलते ही मौके पर मजिस्ट्रेट के साथ पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूत्रों ने बताया है कि जमुगुरीहाट के सामधरा पानीगांव में बीती देर रात को एक युवक का शव मिला। युवक का शव बीती रात को घर के पीछे पाया गया। पीड़ित के परिवार को संदेह है कि उसकी पूर्व नियोजित हत्या की गयी है।

मृतक रितुमणि नाथ एक मैकेनिक के रूप में काम करता था। वह पिछले कुछ समय से अपने आवास में अकेले रह रहा था। मृतक की मां कुछ दिन पहले शिवसागर में अपनी बेटी के घर गयी हुई थी। रितुमणि रोजाना फोन पर अपनी मां और बहन के संपर्क में था। बीते बुधवार की रात को बहन ने जब फोन किया तो उसका फोन स्वीच आफ मिला। पीड़िता की बहन और मां ने पड़ोसियों से संपर्क किया और उन्हें उनके आवास पर जाकर स्थिति देखने के लिए कहा।

गांव का एक व्यक्ति गांव सुरक्षा वाहिनी के कार्यकर्ता के साथ उसके आवास पर पहुंचा जहां रितुमणि रहता था। उसने बीती रात को खून से लथपथ युवक का शव घर के पीछे बरामदे में पड़ा देखा। इसकी जानकारी तुरंत पूरे गांव में फैल गयी। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को देखा और जांच शुरू कर दी। रितुमणि की बहन और मां आज सुबह शिवसागर से यहां पहुंची और आरोप लगाया कि रितुमणि की हत्या की गयी है। साथ ही कहा कि उसके साथ काम करने वाले सहकर्मी उसकी हत्या में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने इस घटना की पुलिस से उचित जांच की मांग की।

घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है, संदेह जताया गया है कि तीन दिन पहले युवक की हत्या कर दी गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर