संदेशखाली में फिर महिलाओं ने खोला पुलिस के खिलाफ मोर्चा, व्यक्ति को हिरासत से छीना

बशीरहाट, 02 जून (हि.स.)। चुनाव से पहले, चुनाव के दिन और यहां तक की चुनाव के बाद भी संदेशखाली में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को संदेशखाली की महिलाओं ने एक बार फिर पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और पुलिस पर ज्यादती करने के आरोप लगाए। दरअसल रविवार को केंद्रीय बल और रैफ के जवानों के साथ पुलिस की एक टीम संदेशखाली के आगारहाटी मंडलपाड़ा इलाके में पहुंची और वहां कई घरों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने साधन नंदी नामक एक व्यक्ति को पकड़ा और उन्हें अपने साथ थाने ले जाने लगी। इसी को देख कर इलाके की महिलाएं उग्र हो गईं और पुलिस के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगी। आक्रोशित महिलाओं ने साधन नंदी को पुलिस की हिरासत से छुड़ा लिया और पुलिस को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

दरअसल शनिवार को चुनाव के दौरान इलाके में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की घटना घटी थी। पुलिस पर भी पथराव की घटना घटी थी। इसी मामले में आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस घर घर तलाशी अभियान चला रही थी। तभी पुलिस को महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि चुनाव के दिन हुए हिंसक घटनाओं के मद्देनजर संदेशखाली विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में धारा 144 जारी कर दिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर