ग्रीन हिसार फिट हिसार संस्था स्वच्छ पर्यावरण के लिए उपलब्ध करवा रही स्टील के बर्तन

हिसार, 19 जून (हि.स.)। पूरे देश में एकादशी पर लगने वाली छबीलों में जहां लोग डिस्पोजल (सिंगल यूज प्लास्टिक) का इस्तेमाल करके पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कूड़ा कचरा फैला रहे हैं। दूसरी तरफ हिसार की एक पर्यावरण टीम ग्रीन हिसार फिट हिसार पिछले 3 सालों से लोगों को डिस्पोजल और सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग न करने के लिए जागरुक कर रही है और अपने स्टील के बर्तन बैंक के माध्यम से ग्यारस पर लगने वाली छबील के लिए शहर के हर कोने में स्टील के गिलास और अन्य बर्तन उपलब्ध करवाने में लगी हुई है।

संस्था के डायरेक्टर डॉ. रमेश भाटी ने बताया कि इस बार ग्रीन हिसार फिट हिसार टीम ने हिसार शहर की 30 अलग-अलग लोकेशन पर लगाई गई छबीलों में अपने स्टील के गिलास उपलब्ध करवा कर हजारों की संख्या में डिस्पोजल ग्लास और सिंगल यूज प्लास्टिक ग्लास बचाकर एक मिसाल पेश की। ग्रीन हिसार फिट हिसार टीम ने सभी देशवासियों से अनुरोध किया है कि एक जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाते हुए पर्यावरण को बचाने के लिए डिस्पोजल और सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से रोक लगाए। जितना भी सिंगल यूज प्लास्टिक निकलता है उसका 10 प्रतिशत भी रीसायकल नहीं होता। बाकी सारा जलाया जाता है, जिससे ग्रीन हाउस गैस क्लोरो फ्लोरो कार्बन निकलती है जो ग्लोबल वार्मिंग को बढ़ाने का एक बहुत बड़ा कारण है। सिंगल यूज प्लास्टिक पूरे वल्र्ड के लिए बहुत बड़ी समस्या और चुनौती है। इस समस्या से हम सबको मिलकर लडऩा होगा और हमारी जमीन, पहाड़, समुद्र, नदियों तालाबों को इस प्लास्टिक से मुक्त करना होगा। आओ हम मिलकर प्रण लें कि हम सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पर्यावरण की बेहतरी के लिए बिल्कुल नहीं करेंगे।

इस काम में टीम के सम्मानित योद्धाओं में डॉ. रमेश भाटी, राजेंद्र सिंह, चंद्रकांत, देवेंद्र रोहिल्ला, सुंदर सैनी, सत्यकाम आर्य, अजय वर्मा, दयानंद वर्मा, नीरज वर्मा, गौतम, कुलवंत, मीनाक्षी, सुनीता, रंजीत, सरिता, सुरेंद्र वर्मा, नरसिंह सैनी, रमन सैनी, नवीन, जगतार सिंह, राहुल, पुष्पा सैनी, मलिक सिंह आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर