फॉलोअप गैंगवार में हुई युवक की हत्या

नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। राजौरी गार्डन गोलीकांड मामले में मारे गए शख्स की पहचान अमन जून के रूप में हुई। बर्गर किंग में सरेआम हुई ये हत्या गैंगवार का नतीजा माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटआउट में मारा गया अमन अशोक प्रधान गैंग से सम्बंध रखता था।

दरअसल, नीरज बवानिया, नवीन बाली और हिमांशु भाऊ सभी एक साथ लॉरेन्स गैंग के खिलाफ खुद को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में मजबूत करने में जुटे हैं। अशोक प्रधान लॉरेन्स के लिए काम करता है, इसीलिए नवीन बाली और हिमांशु भाऊ गैंग ने नीरन बवानिया के इशारे पर अमन को मारकर बवानिया के मौसी के बेटे की हत्या का बदला लिया।

क्यों हुई हत्या

सूत्रों के मुताबिक अक्टूबर 2020 में नीरज बवानिया के रिश्तेदार शक्ति दादा की हत्या की मुखबिरी का आरोप अमन पर था। शक्ति दादा गैंगस्टर नीरज बवानिया की मौसी की बेटा था। हरियाणा के झज्जर में जिस वक्त शक्ति दादा की हत्या हुई उस दौरान अमन पर शक्ति की मुखबिरी करने का आरोप था, यानी शक्ति की टिप अमन ने ही हत्यारों को दी थी।

हनीट्रैप के जरिये हुई हत्या !

पुलिस को शक है कि अमन को बर्गर किंग में एक ट्रैप के तहत बुलाया गया था। मौके से गायब लड़की पर भी साजिश का शक।

पुलिस की मानें तो वो लड़की भागते वक्त अपने साथ मृतक अमन का मोबाइल और पर्स साथ ले गई। क्योंकि मृतक के पास से पुलिस को कुछ नहीं मिला। अब पुलिस उस महिला की तलाश में जुटी है कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया? सवाल ये भी है कि अगर उसका हत्याकांड में कोई रोल नहीं है तो वो अबतक पुलिस के सामने क्यों नहीं आई? अगर वो घटना से डर गई थी तो अब तो घटना को 12 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है उसे पुलिस के सामने आना चाहिए था। अब पुलिस उस संदिग्ध महिला की तलाश में है, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शूटर्स को आखिर अपने टारगेट की जानकारी कैसे मिली, क्या उन्हें टिप दी गई थी।

कौन था शक्ति दादा

कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना की मौसी के लड़के और नजफगढ़ के पूर्व विधायक रामवीर शौकीन के भांजे शक्ति सिंह की बुधवार को बेरी के छोछी गांव में 4 हमलावरों ने 14 गोलियां मारकर हत्या कर दी। युवक की पहचान छोछी निवासी शक्ति पुत्र भीम सिंह के रूप में हुई। बताया जाता है कि हमलावर दो बाइक पर आए थे उन्होंने आते ही ताबड़तोड़ गोलियां शक्ति पर बरसा दी। हमलावरों ने घटना को अंजाम उस समय दिया जब शक्ति शाम 7 बजे अपने साथियों के साथ गांव के बाहर तालाब के पास वॉलीबॉल खेलने के लिए गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी/आकाश

   

सम्बंधित खबर