मंगलदै बाईपास 2025 तक होगा चालू: मुख्यमंत्री

मंगलदै (असम), 20 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि मंगलदै बाईपास रोड 2025 तक चालू हो जाएगा। बाईपास का निरीक्षण करने के बाद आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय निर्माण कार्य कुछ धीमा पड़ गया था।

उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होने के बाद इस पर पूरी तेजी से काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का लोक निर्माण विभाग इस सड़क का निर्माण कर रहा है। इसके निर्माण पर केंद्र सरकार द्वारा 341 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसमें से 95 रुपए करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण पर खर्च किये गये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाईपास के बन जाने के बाद इस मार्ग पर यातायात में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी आधारशिला रखी थी।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 15 को फोरलेन में रूपांतरित करने को लेकर सैद्धांतिक रूप से केंद्र सरकार द्वारा हरी झंडी दिखा दी गई है। इसके प्राक्कलन की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें 6 माह का समय लगेगा। इस निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ सांसद दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर