मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

देहरादून, 20 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रवासी हमारी सीमा के प्रहरी हैं। सीमांत क्षेत्र विकास से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने अधिकारियों को सीमांत क्षेत्रवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

गुरुवार को गुंजी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयुक्त कुमांऊ, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ के साथ सेना, आई.टी.बी.पी. तथा बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ सीमांत क्षेत्र विकास से जुड़े विषयों के साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इसके साथ ही सीमांत क्षेत्र विकास से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये। उन्होंने क्षेत्र के निवासियों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश देते हुये अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गुंजी पहुंचने पर प्रशासन, सेना, आई.टी.बी.पी. और बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन के अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी दिन-रात समर्पण भाव के साथ राष्ट्र सेवा में तैनात जवानों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर