भीषण बाढ़ की चपेट में असम के 22 जिले

गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। असम भीषण बाढ़ की चपेट में है। राज्य के 22 जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार राज्य की कपिली (कामपुर), कटाखाल (माटीजुरी), बराक (बदरपुर घाट) तथा कुशियारा (करीमगंज) नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

राज्य में बाढ़ से प्रभावित 22 जिलों में तामुलपुर, बरपेटा, करीमगंज, उदालगुड़ी, कामरूप, लखीमपुर, कोकराझाड़, कामरूप (मेट्रो), होजाई, दक्षिण सालमारा, कछार, नलबाड़ी, दरंग, ग्वालपाड़ा, बंगाईगांव, बाक्सा, नगांव, शोणितपुर, बिश्वनाथ, हैलाकांदी, बजाली तथा पश्चिम कार्बी आंगलोंग शामिल हैं।

वहीं, राज्य में 67 राजस्व मंडलों के 1311 बाढ़ग्रस्त गांवों की 23186 आबादी बाढ़ प्रभावित है। बाढ़ के कारण 509.91 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुई है।

प्रशासन द्वारा व्यापक पैमाने पर राहत और बचाव कार्य किये जा रहे हैं। राज्य में 105 राहत शिविर और 78 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं।

जहां राहत शिविरों में कुल 14215 लोग रह रहे हैं। वहीं, राहत वितरण केंद्रों पर अपने घरों से आकर राहत लेने वाले लोगों की संख्या 108263 है। जबकि, बाढ़ के कारण प्रभावित हुए पशुओं की संख्या 354393 है।

एक सप्ताह तक हुई लगातार भारी बारिश के बाद हालांकि गुरुवार से मौसम में कुछ बदलाव आया। यदि बारिश में कमी आती है तो अगले दो से तीन दिनों में निश्चित ही बाढ़ की स्थिति में सुधार होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर