डीजे पर डांस को लेकर भिड़े घराती-बराती, पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ विवाह

डीजे पर डांस को लेकर भिड़े घराती-बराती, पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ विवाह

जौनपुर , 22 जून (हि.स.)। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के बेलावा गांव में शुक्रवार रात आई बारात में डीजे पर डांस करने को लेकर घराती-बराती आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में हुई मारपीट के दौरान लगभग एक दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। सभी घायलों का इलाज बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। वहीं पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ।

सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के सैदपुर गडउर गांव निवासी फूलचंद चौहान की बारात शुक्रवार रात बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के बेलावा गांव निवासी राम आशीष चौहान के घर आई थी। देर रात करीब दस बजे जब बरात गांव पहुंची तो स्वागत सत्कार के बाद बराती डीजे की धुन पर नाचते हुए द्वारचार के लिए दुलहन के घर जा रहे थे। आरोप है कि डांस करने के दौरान घराती पक्ष के कुछ लोगों द्वारा नर्तकी के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। जिसको लेकर घराती-बराती में कहा सुनी हो गई। दोनों पक्षों के लोगों द्वारा बीच बचाव के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ। इसके बाद द्वारचार का रस्म पूरा हुआ और भोजन करके अधिकतर बाराती अपने घर वापस लौट गए। केवल कुछ ही बाराती रुके हुए थे।

आरोप है कि एक बाराती पर घराती पक्ष के कुछ लोगों द्वारा हमला कर दिया गया। जिसके बाद घराती-बराती में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें छविनाथ 45 वर्ष,लवकुश 20 वर्ष , दिनेश 35 वर्ष राजकरण 35 वर्ष, मिर्जा चौहान 45 वर्ष रमेश 19 वर्ष रजत ठाकुर 14 वर्ष आदि घायल हो गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में वर वधू ने सात फेरे लिए। शनिवार सुबह सकुशल विवाह संपन्न होने पर दुल्हन की विदाई हुई। इस मामले में थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि अभी को प्रार्थना पत्र नही मिला है तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सभी को मामूली चोटें आई थी सभी अपने घर चले गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर