उप्र में मानसून आने की अनुकूल हुईं परिस्थितियां

- पूर्वी हवाओं से हो रही हल्की बारिश से गिर रहा तापमान

कानपुर, 22 जून(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में उत्तर पूर्वी हवाओं के चलने से दक्षिण पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती दिखाई दे रही हैं। इसके साथ ही पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में हो रही हल्की बारिश से तापमान भी गिर रहा है। हालांकि उमस भरी गर्मी बढ़ गई है,लेकिन लू से राहत मिलती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग का कहना है कि एक सप्ताह के अंदर पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा और झमाझम बारिश होगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर,गुजरात राज्य,महाराष्ट्र,मध्य प्रदेश,ओडिशा,उत्तरी बंगाल की खाड़ी,झारखंड के कुछ हिस्सों,बिहार के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। एक चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम बिहार और उससे सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश पर है। अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़,विदर्भ,मराठवाड़ा,कोंकण और गोवा,तटीय कर्नाटक,केरल, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। रायलसीमा,आंतरिक कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों, बिहार, उत्तर प्रदेश में भी प्री मानसून गतिविधियां और तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 62 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 42 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 5.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण शाम से रात और सुबह तक तेज हवाओं (धूलभरी आंधी) एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर छुटपुट बूंदाबादी होने के आसार हैं। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर