महिला की मौत पर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा

- अतिक्रमण पर हो रही कार्यवाही को बताया महिला की मौत का कारण

- जिम्मेदार अधिकारी व शहरी विकास मंत्री के खिलाफ दर्ज हो केस, आश्रितों को मिले मुआवजा

देहरादून, 25 जून (हि.स.)। कठबंगला बस्ती में हार्ट अटैक से एक महिला की मौत के मामले में कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महिला की मौत के पीछे अतिक्रमण के खिलाफ हो रही कार्यवाही को बता रही है।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि ये सब सरकार की तानाशाही का नतीजा है। आखिर सबको अपने भविष्य की चिंता होती है। एक तो वो लोग गरीब और दूसरे सरकार उन पर बुलडोजर चला रही है। ऐसे में आखिर वो लोग कहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेगुनाह की जान गई है। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी और शहरी विकास मंत्री पर मुकदमा होना चाहिए। साथ ही पीड़िता के परिजनों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।

वहीं भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि यह कोई तानाशाही नहीं है। मौत के उनके लिए हमारी संवेदना है। यह मामला लंबे समय से चल रहा है, एकाएक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ये अभियान सरकार की ओर से नहीं बल्कि हाई कोर्ट के आदेश पर चल रहा है। इसमें सरकार कहीं भी सम्मिलित नहीं है। इसके तहत वर्ष 2016 के बाद के जो निर्माण हैं, उनको हटाया जा रहा है। हालांकि हम प्रयास कर रहे हैं कि इसका कोई रास्ता निकाला जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सुनील

   

सम्बंधित खबर