खाना बनाते समय कमरे के छत की पट्टी टूट कर महिला पर गिरी, मौत

भरतपुर, 30 जून (हि.स.)। जिले के बयाना थाना इलाके में एक मकान के कमरे के छत की पट्टी टूट कर महिला पर गिर गई। देर रात इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के दौरान महिला अपने कमरे में खाना बना रही थी। घटना के बाद महिला के परिजन और उसके पड़ौसी उसे लेकर बयाना अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सिकंदरा इलाके में रहने वाली महिला पुनिया (80) अपने घर के एक कमरे में खाना बना रही थी। अचानक कमरे की पट्टी टूट कर महिला पर गिर गई। उस दौरान महिला का पति झब्बू और उसके बच्चे घर से बाहर थे। पट्टी गिरने की आवाज सुन आसपास के लोग तुरंत पुनिया के घर पहुंचे और पट्टी के नीचे से महिला को निकाल कर बयाना अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे तुरंत आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला के शव का पोस्टमार्टम आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर