पूर्व डिप्टी मेयर ने सुनीं दड़प वासियों की परेशानियां, जल्द हल का दिया आश्वासन

जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू के लोगों को मूलभूत सुविधा उनके द्वार तक पहुंचे इसके लिए पूर्व डिप्टी मेयर जम्मू एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बलदेव सिंह बलोरिया जगह जगह जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्या को सुन रहे हैं। इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए बलोरिया ने आर.एस.पुरा-जम्मू साउथ विधानसभा के क्षेत्र दढ़प पंचायत में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर बलोरिया ने कहा कि जनता दरबार के आयोजन से लोगों को पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं की जानकारी का लाभ मिलेगा।  उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी के नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं का काम करने का तरीका दूसरी पार्टियों से अलग है कार्यकर्ता केवल चुनावों में ही लोगों को नजर नहीं आते हैं बल्कि लोगों के सुख दु:ख में भी शामिल होते हैं। बलोरिया ने कहा कि जनता दरबार में मुख्य मांग लोगों की शिव नगर मोहल्ला से दढ़प पंचायत को जोडऩे वाली सडक़ को पक्का करवाने की रही। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यह सडक़ पिछले कई साल से उबड़-खाबड़ पड़ी हुई है और गली में गंदे पानी की निकासी की भी उचित सुविधा नहीं है। जनता दरबार में दढ़प पंचायत से सोहन सिंह काटल ने बलोरिया के समक्ष दढ़प और शेरगढ़ क्षेत्र में श्मशान घाटों के सुंदरीकरण और लोगों के सुविधा के लिए वहां विकास कार्य कराने की मांग रखी। क्षेत्रवासियों ने श्मशान घाट तक जाने वाली सडक़ को पक्का करने, नहाने के स्थल का निर्माण, अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था की मांग को रखा। बलोरिया ने कहा कि इन विकास कार्य के मुद्दों को जम्मू से सांसद जुगल किशोर शर्मा के ध्यान में भी लाया जाएगा ताकि लोगों को मूलभूत सुविधा उनके द्वार पर दी जा सकें। पूर्व नायब सरपंच अश्विनी कुमार, लम्बरदार राजिंदर कुमार, पंच सुमन देवी, बिल्ला बेली, मोहन सिंह, जसवंत सिंह आदि मौजूद थे।

 

   

सम्बंधित खबर