मनुष्य जीवन अनमोल है, इसे परमात्मा की भक्ति में ही लगायें: बहन सुधाजी

खूंटी, 30 जून (हि.स.)। संत निरंकारी सत्संग भवन हुटार खूंटी में रविवार को संयोजक स्तरीय महिला संत समागम का आयोजन किया गया। घंटों चले इस कार्यक्रम में खूंटी, रांची, बुंडू, खलारी, सिल्ली, नामकुम, रातू, नगड़ी, गुमला, लोहरदगा आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शामिल हुई बहनों ने आध्यात्मिक विचारों, गीतों और कविता के माध्यम से गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु गद्दी में विराजमान बहन सुधाजी ने अपने प्रवचन में कहा कि आज महिलाएं सिर्फ घरों और समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अध्यात्म में भी बढ़-चढ़ कर भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मा रूपी इस शरीर को जब परमात्मा रूपी पति मिल जाता है, तो जीवन की अवस्था सहज हो जाती है। फिर वह हर पल अध्यात्म से अपना जीवन-यापन करती है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है, इसे हम परमात्मा की भक्ति में लगायें। रांची जोन की संयोजिका बहन चंपा भाटिया ने भी महिलाओं के सामर्थ्य, शक्ति और भक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को इस कलयुग में भी मीरा और सबरी(भीलनी) जैसी भक्ति करनी है, जिससे उनका जीवन धन्य हो। उन्होंने महिला समागम के इस आयोजन के लिए सेवा दल के अथक प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में मोबाइल की लत से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि नुकसानदेही मोबाइल की लत को त्याग कर परमात्मा के साथ संबंध स्थापित करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर