संशोधित - परिवारवाद पर आत्म निरीक्षण करे कांग्रेस: शान्ता कुमार

नोट : हेडिंग में संसोधन के साथ पुन: जारी किया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के आरोपाें का दिया तर्कपूर्ण जवाब

राजीव और अनुराग भाजपा की कसौटी पर खरे उतरे: शांता

शिमला, 4 जुलाई (हि.स.)। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं की तरफ से मुझ पर परिवारवाद का आरोप लगाया गया है। स्वस्थ राजनीति का सिद्धान्त यह है कि पार्टी में महत्वपूर्ण पद और चुनाव का टिकट कार्यकर्ता को ही मिलना चाहिए। कार्यकर्ता की परिभाषा यह है कि जो कुछ समय से पार्टी में प्रमुखता से काम कर रहा हो। ऐसा टिकट प्राप्त करने वाला कार्यकर्ता किसी नेता का सम्बंधी भी हो सकता है लेकिन यह परिवारवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने परिवारवाद का आत्म निरीक्षण करना चाहिए।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शान्ता कुमार ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि कांगड़ा-चम्बा क्षेत्र से डाॅ.

राजीव भारद्वाज लोकसभा के सदस्य बने हैं। राजीव पिछले 37 साल से एक समर्पित कार्यकर्ता की तरह पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कई सालों तक युवा मोर्चा में काम किया, फिर युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बने। शांता कुमार ने कहा कि मैं जब कांगड़ा-चम्बा लोकसभा का सांसद था तब चम्बा जिले की पूरी जिम्मेदारी राजीव भारद्वाज ही सम्भालते थे। पार्टी ने उन्हें 37 साल से काम करने वाले एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में टिकट दिया, केवल मेरा सम्बन्धी होने के कारण नहीं दिया। यह मेरा सौभाग्य है कि डाॅ भारद्वाज मेरे सम्बन्धी हैं। यहीं कसौटी है परिवारवाद की। मुझ पर आलोचना करने वाले नेताओं को इस कसौटी पर आत्म निरीक्षण करना चाहिए।

शान्ता कुमार ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर भी इसी कसौटी पर खरे उतरते हैं। उन्होंने खेल जगत में शानदार काम किया। उन्होंने धर्मशाला में क्रिकेट स्टेडियम बनाकर हिमाचल प्रदेश को भारत के खेल मानचित्र पर लाने का एक ऐतिहासिक काम किया। एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में भी काम करते रहे और उनको भी टिकट उनके काम के कारण ही दिया गया था और यहीं कारण है कि लगातार पांचवी बार सांसद बनकर उन्होंने एक नया इतिहास बनाया है। इतना ही नहीं इस छोटी सी उम्र में अनुराग ने केन्द्रीय मन्त्रि मण्डल में अच्छा काम करके दिखाया। कांग्रेस नेता इस कसौटी पर अपने परिवारवाद का आत्म निरीक्षण करें।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/सुनील

   

सम्बंधित खबर