उप्र में अभी बरकरार रहेगा घने कोहरे और धुंध का प्रकोप

कानपुर, 02 जनवरी (हि.स.)। कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ है। प्रदेश में कोहरे और धुंध का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे पश्चिमी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके उत्तर दिशा में बढ़ने और दो जनवरी की शाम तक दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इससे उत्तर भारत सहित उत्तर प्रदेश में धुंध व कोहरा के साथ शीतलहर चल रही है। ऐसे में लोगों को सावधान रहना चाहिए। कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी चाहिए। लंबे समय तक ठंड और कोहरे के संपर्क में रहने से जुड़े संभावित स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति सचेत रहना चाहिए। विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सर्तक रहना चाहिए। कानपुर में अधिकतम तापमान 14.4 और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 82 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.8 किमी प्रति घंटा रही।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश/पवन

   

सम्बंधित खबर