शाजापुर: कानून व्यवस्था के लिए सख्ती दिखाना शाजापुर कलेक्टर को पड़ा भारी

कलेक्टर किशोर कन्याल।

शाजापुर, 3 जनवरी (हि.स.)। हिट एंड रन कानून को लेकर वाहन चालकों द्वारा की जा रही हड़ताल तो फिलहाल सरकारी आश्वासन से खत्म हो गई है, लेकिन इस प्रदर्शन का खामियाजा शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल को भुगतना पड़ गया। हड़ताल के दौरान कानून व्यवस्था के लिए सख्ती दिखाने के कारण वाहन चालकों की बैठक में शाजापुर कलेक्टर और चालकों के बीच हुई बहस के बाद प्रदेश के मुखिया मोहन यादव ने कलेक्टर को हटा दिया है। उनके स्थान पर 2014 बैच की आईएएस अधिकारी नरसिंहपुर कलेक्टर ऋजु बाफना को शाजापुर कलेक्टर बनाया गया है।

गौरतलब है कि मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बस-ट्रक चालकों की बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्टर किशोर कन्याल और वाहन चालकों के बीच तीखी नोंकझोंक हो गई थी। इस दौरान बहस करने वाले वाहन चालक को कलेक्टर ने सख्त फटकार लगा दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने तत्काल प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बुधवार सुबह कलेक्टर किशोर कन्याल को हटाने के निर्देश दे दिए। इस संबंध में जारी आदेश पत्र के अनुसार कलेक्टर किशोर कन्याल को मध्य प्रदेश शासन का उप सचिव बनाया गया है। वहीं उनके स्थान पर नरसिंहपुर कलेक्टर ऋजु बाफना का शाजापुर स्थानांतरण किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/मंगल नाहर /मुकेश

   

सम्बंधित खबर