जेडीए और नगर निगम ग्रेटर -हैरिटेज अवैध निर्माणों-अतिक्रमणों के खिलाफ करेगा संयुक्त कार्रवाई

जयपुर, 3 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आदेशों की पालना में जयपुर विकास आयुक्त डॉ जोगाराम की अध्यक्षता में बुधवार को जेडीए के चिंतन सभागार में जयपुर शहर में हो रहे अवैध निर्माणों-अतिक्रमणों के विरूद्ध जेडीए और नगर निगम ग्रेटर - हैरिटेज द्वारा संयुक्त कार्रवाई करने के लिए बैठक आयोजित हुई।

बैठक में नगर निगम ग्रेटर आयुक्त बाबू लाल गोयल, नगर निगम हैरिटेज आयुक्त राजेंद्र सिंह, जेडीए सचिव नलिनी कठोतिया, मुख्य प्रवर्तन अधिकारी धर्मेन्द्र यादव सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में नौ जनवरी 2024 से जेडीए और नगर निगम ग्रेटर - हैरिटेज द्वारा संयुक्त टीम गठित कर अवैध निर्माणों-अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्रवाई किये जाने का निर्णय लिया गया। गठित संयुक्त टीम द्वारा शहर में स्थाई एवं अस्थाई अवैध निर्माणों-अतिक्रमणों के विरूद्ध की गई कार्रवाइयों की प्रत्येक 15 दिनों में समीक्षा की जायेगी।

जेडीए और नगर निगम ग्रेटर - हैरिटेज द्वारा संयुक्त रूप से अवैध निर्माणों-अतिक्रमणों का सर्वे करवाकर कार्रवाई की जायेगी। सर्वे टीम में जेडीए के मुख्य प्रवर्तन अधिकारी एवं नगर निगम ग्रेटर - हैरिटेज के सर्तकता शाखा के अधिकारी सदस्य होंगे।

सरकारी भूमि,परिसंपत्तियों का रिकॉर्ड बनाकर प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई की जायेंगी। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं हो, इस के लिए एक एसओपी बनाई जायेगी। निगरानी के लिए विशेष प्रणाली विकसित की जायेगी। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के पश्चात् ड्रोन सर्वे करवाकर संरक्षित किया जायेगा। अवैध मिट्टी खनन किये जाने पर संबंधित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई जायेगी। जेडीए और नगर निगम ग्रेटर - हैरिटेज की संयुक्त टीम द्वारा मुख्य मार्गों/सडकों एवं मुख्य क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्रवाई किये जाने के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा।

जेडीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप जेडीए और नगर निगम ग्रेटर - हैरिटेज द्वारा संयुक्त रूप से अवैध निर्माणों-अतिक्रमणों के विरूद्ध विधिवत कार्रवाई की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर