चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों का हंगामा

मेरठ, 04 जनवरी (हि.स.)। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में चार महीने से वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को प्राचार्य कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को आश्वासन दिया।

एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों का गुरुवार को दूसरे दिन भी आंदोलन जारी रहा। कर्मचारियों ने प्राचार्य कार्यालय पर जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें चार महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से उन्हें संकट का सामना करना पड़ रहा है।

सपा विधायक ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक से बातचीत की और संविदा कर्मचारियों के मामले में शासन स्तर पर बात करने का आश्वासन दिया। संविदा कर्मचारियों ने बताया कि एक कंपनी के जरिए लगभग 200 कर्मचारियों को हायर किया गया है। हर साल हमारी प्लेसमेंट कंपनी चेंज होती है। कंपनी बदलने पर सैलरी भी बढ़ती है। चार महीने से वेतन नहीं मिला है। अब वेतन भी घटा दिया गया है। ऐसी हालत में उनके सामने अपना घर चलाने की समस्या आ खड़ी हुई है।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक का कहना है कि चार-पांच दिन में बकाया वेतन मिल जाएगा। बढ़े हुए वेतन को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर