नेतृत्व अच्छा होता है तो सबका सम्मान बढ़ता है : मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को सम्बोधित करते सीएम योगी कार्यक्रम को सम्बोधित करते सीएम योगी

- राप्तीनगर और नंदानगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी

गोरखपुर, 07 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब नेतृत्व अच्छा होता है तो सबका सम्मान बढ़ता है। दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यही हुआ है। भारत दुनिया के अंदर एक नई ताकत बनकर उभरा है। देश का सम्मान बढ़ने से सभी नागरिकों को गौरव की अनुभूति हो रही है। देश में हाइवे, रेलवे, एयर कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। एम्स बन रहे हैं, उद्योग लग रहे हैं। बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन हो रहा है। बिना भेदभाव सभी पात्रों को लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री योगी रविवार को गोरखपुर के राप्तीनगर और नंदानगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया। दोनों स्थानों पर उमड़े जनसमूह के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का आधार जाति, मत, मजहब या क्षेत्र नहीं है बल्कि गांव, गरीब, किसान, महिलाएं और नौजवान है। आज जितनी योजनाएं चल रही हैं, उसकी पहले कोई कल्पना नहीं कर सकता था। देश में 4 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 55 लाख लोगों को मुफ्त मकान की सुविधा मिली है। राज्य में 15 करोड़ लोगों को साढ़े तीन साल से मुफ्त राशन मिल रहा है और यह अगले पांच साल तक मिलता रहेगा। बड़ी संख्या में लोगों को आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। योगी ने कहा कि जो पहले कभी नहीं हुआ था, वह अब हो रहा है। आज रोजगार मिल रहा है, विकास हो रहा है, महिलाओं को सुरक्षा मिल रही है, किसानों को सम्मान मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ इस बात की गवाही दे रही है कि बड़े पैमाने पर योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा है। उन्होंने अपील की कि जिन लोगों को किसी कारण से योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें भी इसके लिए प्रेरित करें।

आज बदलते गोरखपुर के हो रहे दर्शन

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज नए परिवेश में बदलते नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में बदलते गोरखपुर के भी दर्शन हो रहे हैं। यहां खाद कारखाना शुरू हो चुका है, एम्स खुल गया है, बीआरडी मेडिकल कॉलेज चिकित्सा का उत्कृष्ट केंद्र बन चुका है। अपराध का गढ़ कहा जाने वाला रामगढ़ताल, आज पर्यटन के नक्शे पर चमक रहा है। हजारों बच्चों को ग्रास बनाने वाली इंसेफेलाइटिस अब नियंत्रित है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर चलाएं स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को मकर संक्रांति और 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आह्वान किया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर सभी लोग स्वच्छता अभियान चलाकर धर्मस्थलों को स्वच्छ करें।

कार्यक्रम को सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. आमोदकांत /पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर