राजगढ़ः सत्य मार्ग पर चलने वाले की हमेशा जीत होती है: शिवराम समदरिया

राजगढ़,7 जनवरी (हि.स.)। सत्य मार्ग पर चलने वाली की हमेशा विजय होती है, संघ का कार्य ईश्वरीय कार्य है, प्रतिदिन हम भगवा ध्वज के सामने यह प्रार्थना करते है कि धर्म के साथ संघ मार्ग पर चलते रहे, इसी के चलते कई बाधाओं के बाद भी संघ निरंतर कार्य कर रहा है। यह बात रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर ब्यावरा में आयोजित आरएसएस के शीतकालीन शिविर के प्रकट कार्यक्रम में संघ के क्षेत्र प्रचारक शिवराम समदरिया ने कही।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के कार्य में लगे स्वयंसेवक प्रार्थना में प्रतिदिन राष्ट्र का मंत्र बोलते है, जिससे मंत्र सिद्व हो रहा है, इसी के बल पर संघ आगे बढ़ रहा है। तीन दिवसीय शारीरिक शीत शिविर में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण लिया साथ ही सभी गतिविधियों का सामूहिक प्रकटीकरण किया। स्वयंसेवकों ने एक साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से समता, नियुद्व, दंड एवं योग का प्रदर्शन किया। शिविर में कुल 245 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्य वक्ता ने कहा कि संघ निर्माण के बाद कई संकट सामने आए, जिसमें स्वयंसेवकों को जेल में डाला गया, लेकिन राष्ट्र कार्य से डिगे नही इसके चलते संगठन का कार्य निरंतर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म के पथ पर चलने वालों के सामने कई वाधाएं आती है लेकिन संघ कार्य से कभी विचलित नही हुआ। प्रत्येक मनुष्य को जीवन जीने के लिए मूलभूत सुबिधाएं मिलनी चाहिए संघ प्रतिदिन इसकी कामना करता है। शिक्षा, राजनैतिक और सामाजिक व्यवस्थाएं हिन्दू चिंतन के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ स्वयंसेवकों के गुणों का विकास करने के साथ सबको साथ लेकर चल रहा है। संघ की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज की शक्ति साथ जुड़ रही है, जो आने वाले समय में सामाजिक परिवर्तन लाएगी। संघ की विभिन्न गतिविधियां जिसमें कुटुम्ब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास समाज में परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेन्द्रकुमार दुबे ने की वहीं नगर संघ चालक राधेश्याम शर्मा सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ मनोज पाठक/नेहा

   

सम्बंधित खबर