मप्र: कमलनाथ देश के बड़े नेता, उन्होंने रिजल्ट के दूसरे दिन दे दिया था इस्तीफा: भंवर जितेंद्र सिंह

भोपाल, 8 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक कमलनाथ ने विदेश से लौटने के बाद सोमवार को विधानसभा में विधायक पद की शपथ ले ली है। वहीं चुनाव हारने के बाद कमलनाथ पहली बार सोमवार को किसी बैठक में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। कमल नाथ के पीसीसी पहुंचने के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह का बडा बयान सामने आया है।

भंवर जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि कमलनाथ एक बड़े नेता है और विधानसभा परिणाम आने के बाद दूसरे दिन ही उन्होंने अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा दे दिया था। भंवर सिंह ने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए रिजल्ट के अगले दिन इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि कमलनाथ को शीर्ष नेतृत्व ने कहा था कि जब तक नया अध्यक्ष नहीं बन जाता हैं, तब तक वह जिम्मेदारी संभाले। अखिल भारतीय कांग्रेस और हम सब उनका बहुत सम्मान करते हैं।

वहीं कांग्रेस कार्यालय में चल रही बैठक को लेकर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक है। कई मुद्दों को लेकर चर्चा होगी। उसके बाद प्रदेश इलेक्शन कमेटी की बैठक है। उसमें तय होगा कि कैसे प्रत्याशियों का चयन होगा। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी चर्चा होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर