चमोली जिले में निर्वाचक नामावली में जुडे़ तीन हजार से अधिक नए मतदाता

गोपेश्वर, 10 जनवरी (हि.स.)। निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप जनपद चमोली में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष पुनरीक्षण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 7779 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए।

इसमें 3480 नागरिक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पहली बार मतदाता बने है, वही स्थान परिवर्तन, मृत्यु और अन्य कारणों से 5462 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए है। इसके अलावा जनपद में 10412 सर्विस वोटर पंजीकृत है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को किया जाएगा।

सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 04-बदरीनाथ विधानसभा में 2620 नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। इसमें 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 1278 नए मतदाता शामिल हैं जबकि स्थान परिवर्तन एवं अन्य कारणों से 2454 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में कुल 52145 पुरुष, 49429 महिला तथा तीन थर्ड जेंडर सहित कुल 101577 मतदाता पंजीकृत हैं।

05-थराली विधानसभा में 2961 नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। इसमें 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 1152 नए मतदाता शामिल है जबकि स्थान परिवर्तन एवं अन्य कारणों से 1808 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। थराली विधानसभा क्षेत्र में 52952 पुरुष, 50079 महिला तथा एक थर्ड जेंडर सहित कुल 103032 मतदाता पंजीकृत है।

06-कर्णप्रयाग विधानसभा में 2198 नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। इसमें 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 1050 नए मतदाता शामिल है। जबकि स्थान परिवर्तन एवं अन्य कारणों से एक हजार दो सौ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 47071 पुरुष, 46799 महिला सहित कुल 93870 मतदाता पंजीकृत हैं।

जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र में कुल 152168 पुरुष, 146307 महिला तथा चार थर्ड जेंडर सहित कुल 298479 मतदाता पंजीकृत है। आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर