पूर्व महाराजा डाॅ. करणीसिंह की जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में वर्ष-2024 मनाया जाएगा

बीकानेर, 10 जनवरी (हि.स.)। बीकानेर के पूर्व राजपरिवार द्वारा स्थापित विभिन्न पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्टों के संस्थापक, बीकानेर के 23 वें महाराजा डॉ. करणीसिंह का वर्ष 2024 जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। यह निर्णय स्व. डॉ. करणी सिंह द्वारा स्थापित ट्रस्टों की अध्यक्षा, उनकी ज्येष्ठ पुत्री राज्यश्री कुमारी व ट्रस्टी ने लिया है। उनका जन्म 21 अप्रेल 1924 को हुआ था। इसी क्रम में ट्रस्ट द्वारा वर्ष-2024 का कैलेण्डर स्व. महाराजा डॉ. करणीसिंहजी को समर्पित किया गया है जिसमें महाराजा साहब के विभिन्न फोटोज को प्रदर्शित किया गया है जो आमजन द्वारा बेहद पसंद किया जा रहा है।

लालगढ़ पैलेस स्थित श्री सादूल म्यूजियम की गैलेरी नंबर 8 में महाराजा डॉ करणीसिंहजी के जीवनकाल को दर्शाते फोटोग्राफ्स की फोटो प्रदर्शनी का शुभारम्भ बुधवार को हुआ। मुख्य रुप से 21 अप्रेल 2024 को उनके जन्मदिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर