वाराणसी : मौसम के बर्फीले तेवर ने सिहरन बढ़ाई

वाराणसी, 12 जनवरी(हि.स.)। वाराणसी सहित पूर्वांचल के जिलों में मौसम के बर्फीले तेवर ने सिहरन बढ़ा दी है। शुक्रवार को धुंध और कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं से लोग जूझते रहे। हालांकि दोपहर में धूप जरूर निकली लेकिन गलन और धुंध के चलते बेअसर रही।

मौसम के तेवर में बदलाव से बाजारों में दोपहर के बाद ही चहल-पहल दिख रही है। ठंड के चलते विद्यालयों का समय भी बदल गया है। पछुआ हवाओं में नमी अधिक होने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चे गर्म कपड़ों में अपने को ढ़कते रहे। गुरुवार से ही ठंड और गलन ने फिर पांव पसारना शुरू कर दिया है। शुक्रवार अपराह्न एक बजे वाराणसी का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 09 डिग्री सेल्सियस, हवा की रफ्तार 10 किमी प्रतिघंटा, नमी 75 फीसदी रही।

मौसम में बदलाव की वजह से तापमान दस डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है। मौसम में बदलाव की वजह से पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। जबकि न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री सेल्सियस कम हो गया। बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस, गुरुवार को 19.2 और न्यूनतम तापमान 12.5 से कम होकर 9.5 पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक ऐसे ही मौसम रहने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण ही मौसम में बदलाव हुआ है। नम पछुआ हवाएं भी चलते रहने के आसार है और तापमान अभी और गिरेगा।

कक्षा–1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 13 जनवरी को शीतावकाश

जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के निर्देशा पर जिले में कड़ाके की ठण्ड की वजह से कक्षा आठ तक सभी बोर्ड एवं माध्यमों के विद्यलयों में छुट्टी घोषित कर दी है। समस्त विद्यालयों में 13 जनवरी तक शीतावकाश घोषित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दिलीप

   

सम्बंधित खबर