विशेष सचिव ने गौशालाओं की देखी जमीनी हकीकत

-निरीक्षण में गौशालाओं की व्यवस्थाएं मिली टनाटन

हमीरपुर,13 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन से नामित जनपदीय नोडल अधिकारी व विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग शिवप्रसाद ने नगर पंचायत कान्हा गौशाला सुमेरपुर का निरीक्षण किया। जिसमें 592 गोवंश संरक्षित पाये गये। गोवंश को ठंड से बचाव हेतु गौशाला के चारों तरफ त्रिपाल व अलाव इत्यादि की समुचित व्यवस्था पायी गयी। गोवंशों के भरण-पोषण हेतु भूसा-चारा व पानी पीने हेतु स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पायी गयी।

नोडल अधिकारी ने गो आश्रय स्थल मकरांव विकास खण्ड मौदहा का निरीक्षण किया गया, जिसमें 319 गोवंश संरक्षित पाये गये। गोवंश के रख-रखाव हेतु आवश्यक मूलभूत आवश्यकताएं यथा शेड, चरही, छाया एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पायी गयी। गोवंश को ठंड से बचाव हेतु त्रिपाल व आलाव की व्यवस्था पायी गयी। गोवंश के भरण-पोषण हेतु हरा चारा भी मौके पर पाया गया। इसी तरह गो आश्रय स्थल जराखर विकास खण्ड गोहाण्ड का निरीक्षण किया गया, जिसमें 168 गोवंश संरक्षित एवं स्वस्थ्य पाये गये तथा गोवंशों को ठंड से बचाव हेतु समुचित व्यवस्था पायी गयी। इस दौरान बीमार गोवंश के लिये एक अलग शेड बना हुआ पाया गया।

गोवंश के भरण-पोषण हेतु गौशाला में लगभग 430 कुन्तल भूसा उपलब्ध पाया गया। साथ दाना बनाने की मशीन भी लगी पायी गयी एवं वर्तमान में चार बीघे में हरा चारा भी लगा पाया गया। गौशाला निरीक्षण के समय एक गोबर गैस प्लांट पाया जो अपूर्ण है, उसे पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये हैं। गौशाला में अच्छे पशुओं को देख कर विशेष सचिव द्वारा निर्देश दिये गये कि दूध देने वाले गोवंशों को सुपुर्द कराना सुनिश्चित करें ताकि किसानों को लाभ मिल सकें। पंजीकृत ओम गौशाला गिरवर राठ का निरीक्षण किया गया, जिसमें 300 गोवंश संरक्षित पाये गये। गोवंश को ठंड से बचाव हेतु गौशाला में त्रिपाल व अलाव इत्यादि की समुचित व्यवस्था पायी गयी।

गोवंशों के भरण-पोषण हेतु भूसा चारा व पानी पीने हेतु स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पायी गयी। निरीक्षण के समय विशेष सचिव द्वारा गोबर गैस प्लांट तथा वर्मी कम्पोस्ट बनाने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी तथा उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/पशु चिकित्साधिकारी मौदहा, राठ, सुमेरपुर, गोहाण्ड व जराखर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित

   

सम्बंधित खबर