कार सेवकों को किया गया सम्मानित

भागलपुर, 14 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा आमंत्रण महाअभियान समिति भागलपुर ने आस्था गार्डन के प्रांगण में रविवार को कार सेवक सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस दौरान अयोध्या में कार सेवा करने वाले जिले के प्रमुख लोगों और उनके परिवार को सम्मानित किया। सम्मान के रूप में श्रीराम जन्म भूमि का चित्र एवं अंग वस्त्र भेंट किया। इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन मिश्रा के द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि अगमानंद जी महराज ने कार सेवक क़ो सम्मानित करते हुए कहा की राम भक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। राम जन्मभूमि आंदोलन सब लोगों की भागीदारी का परिणाम है कि सपना साकार हो रहा है। अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। कार्यक्रम संयोजक निरंजन साह ने कहा कि कार सेवकों का श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में विवादित भूमि पर पुनः मंदिर निर्माण हेतु चले दीर्घकालीन संघर्ष में कारसेवकों का अप्रतिम योगदान रहा है। जिनके पराक्रम से बाबरी ढांचा विध्वंस हुआ और अब भव्य और विशाल मंदिर बन रहा है।

भाजपा नेता पवन मिश्रा ने कहा कि एक गिलहरी की भांति जो संघर्ष कार सेवकों ने किया आज उसी का परिणाम है अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है। कार सेवक पवन गुप्ता ने कारसेवा में अपनी भागीदारी की यादें साझा की। मंच संचालन विष्णु शर्मा के द्वारा किया गया। कार सेवक सम्मान पाने वालों में ई देवेंद्र चौधरी, आनंद टेकरीवाल, रविंद्र गुप्ता, संतोष पांडेय, शशि गुप्ता सहित 54 कार सेवक शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर