फिरोजाबाद के 95 मंदिरों में 14 से 22 जनवरी तक होगा रामोत्सव का आयोजन

फिरोजाबाद, 14 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर जिले के 95 मंदिरों में 14 से 22 जनवरी तक रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी डाॅ. उज्जवल कुमार ने एडीएम अभिषेक कुमार सिंह को नोडल अधिकारी एवं डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है।

जिलाधिकारी का कहना है कि नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के निर्देशन में जिले में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रामोत्सव कार्यक्रम के तहत 14 से 22 जनवरी तक जिले में विभिन्न भजन कीर्तन के साथ रामायण पाठ सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी एडीएम अभिषेक कुमार सिंह व सहायक नोडल डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा होंगे। नगर निगम में में कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी महाप्रबंधक जलकल को सौंपी है। जिले की अन्य निकायों में इसकी जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय को नोडल एवं सभी ईओ सह नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी को संभालेंगे। ब्लाकों में बीडीओ नोडल एवं एडीओ पंचायत को सहायक नोडल की जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन के लिए सभी एसडीएम को समन्वय अधिकारी बनाया है। इनके निर्देशन में ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

डीएम ने बताया कि रामायण पाठ, संकीर्तन भजन आदि गतिविधियां को कराये जाने के लिये नगर निगम, नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 95 मंदिरों का चयन प्रशासन द्वारा किया गया है। परन्तु इसके अतिरिक्त भी अन्य मंदिरों पर इस तरह के कार्यक्रम जनसहभागिता से चलाए जाएंगे। सांस्कृतिक विभाग के पोर्टल पर मंदिरों का विवरण अपलोड किया है। इसके साथ नगर निगम, नगर निकाय एवं विकास खंड के अधिकारी को प्रत्येक कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं वीडियो को अपलोड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/राजेश

   

सम्बंधित खबर