राम की भक्ति में कौशांबी से अयोध्या के लिए लगाई दौड़

-205 किलोमीटर दौड़ते हुए युवा सुधीर निषाद अयोध्या के लिए निकले,

-स्थानीय लोगो ने पुष्पवर्षा कर किया अभिवादन

कौशांबी, 18 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पूरा देश का जन मानस राम मय हो गया है। आराध्य राम की भक्ति में डूबे लोग नए-नए प्रयोग कर अयोध्या पहुंच रहे है। ऐसे ही एक युवा भक्त सुधीर निषाद ने कौशांबी से अयोध्या पहुंचने के लिए बृहस्पतिवार को दौड़ लगाते हुए निकल पड़े हैं। वह प्राण प्रतिष्ठा से पहले 205 किलोमीटर की दूरी तय करेगे। स्थानीय लोगों ने युवा भक्तों के उत्साहवर्धन में पुष्पवर्षा कर राम नाम का जय घोष किया।

सिराथू तहसील के सैनी कस्बे के रहने वाले सुधीर कुमार निषाद की उम्र महज 19 साल की है। सुधीर के पिता गुलाब चन्द्र निषाद पेशे से मजदूर हैं। मां गोमती देवी हाउस वाइफ़ है। परिवार में 5 बहनों के सुधीर अकेले भाई हैं। सुधीर निषाद के मुताबिक उनका परिवार बेहद गरीब है। बड़ी मुस्किल से 2 बहनों की शादी हुई है। वह बलिया हरियाणा एवं राजस्थान की हाफ मैराथन (21-21 किलोमीटर) दौड़ चुका है। गरीबी के चलते वह इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद पढ़ नहीं सका। मोटर मैकेनिक की दुकान में काम कर अपने परिवार के खर्च में हाथ बंटाता है। 3 साल पहले आर्मी की भर्ती में हाइट के चलते अनफ़िट हुआ तो सुधीर ने स्पोर्ट्स की तरफ अपना रुझान बढ़ाया। वह अल्ट्रा मैराथन 5000 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेना चाहता है। इसके लिए शारीरिक श्रम के साथ भगवान श्री राम का नाम जोड़ कर कौशांबी ने अयोध्या के बीच (205 किलोमीटर) भाति भाव की दौड़ शुरू कर दी है।

सुधीर के मुताबिक, उसका यह प्रयास प्रभु श्री राम को समर्पित कर वह अपने जीवन के नए कीर्तिमान को स्थापित करने की मनोकामना लेकर दौड़ रहा है। उसके साथ एवं अन्य युवा नीरज कुमार बाइक से चल रहे हैं,जो उन्हें सहयोग करेंगे। प्रतिदिन सुधीर ने 100 किलोमीटर दौड़ कर गुजरने का संकल्प किया है। उन्हें उम्मीद है कि वह अगले 2 दिन में अयोध्या दौड़ कर पहुंच जाएंगे। इसके बाद वह प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होकर अपने जीवन को नया आयाम देने के लिए अल्ट्रा मैराथन की तैयारी में जुट जाएंगे।

सुधीर निषाद ने बताया कि कौशांबी टू अयोध्या के बीच की दूरी दौड़ कर तय करने के लिए उन्होंने सहयोग के लिए एसडीएम सिराथू एवं सांसद विनोद सोनकर से एक मदद की गुहार लगाई थी। जिसमें उन्होंने एक एंबुलेंस की मांग की थी। एंबुलेंस के जरिये उन्हें रोड का ट्रैफिक क्लीयर और कोई दिक्कत होने पर मेडिकल सपोर्ट भी मिल जाता लेकिन, अफसर व सांसद कौशांबी ने उनकी मांग को अनसुना कर दिया। अपने संकल्प के मुताबिक उन्होंने सैनी चौराहे से दौड़ शुरू कर दी है।

युवा सुधीर के संकल्प रेस में उत्साहवर्धन के लिए स्थानीय कस्बाइयों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होंने अपने कस्बे के लाल को अयोध्या के लिए रवाना होने से पहले फूल-माला पहना कर उनका मनोबल बढ़ाया। इतना ही नहीं, युवा सुधीर के मजबूत इरादे को देख सड़क मार्ग से जाते समय लोग पुष्प वर्षा भी कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजय कुमार/सियाराम

   

सम्बंधित खबर