रामेण दर्शन यात्रा की तैयारिया जोरों पर, रामायण के सभी पात्र होंगे आकर्षण का केंद्र

फिरोजाबाद, 18 जनवरी (हि.स.)। प्रभु श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव समिति एवं रामेण दर्शन यात्रा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रामेण दर्शन यात्रा की तैयारिया जोरों पर है। समित के संयोजक एवं पदाधिकारियों की ओर से गुरुवार को शिक्षण संस्थानों में संपर्क किया गया।

दोनों समितियों के संयोजक रामकुमार गुप्ता और राजेश झा अपनी टीम के साथ नगर में संचालित झा क्लासेज पहुंचे, जहां रामेण दर्शन यात्रा के स्वरूप और महत्व को बताया गया। महानगर प्रचारक धर्मेंद्र प्रेमी ने बताया कि रामेण दर्शन यात्रा 21 जनवरी दोपहर 12 बजे गांधी पार्क चौराहा से शुरू होगी, जो कि सेंट्रल चौराहा, काली मंदिर, बर्फखाना चौराहा, जलेसर रोड होते हुए गोपालाश्रम पर पहुंचेगी। जहां भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और सीता माता सहित रामायण के सभी पात्रों की आरती व अभिनंदन किया जाएगा।

यात्रा के निर्धारित मार्ग में कारपेट बिछाया जायेगा। जिस पर रामायण के सभी पवित्र स्वरूप पैदल यात्रा करते हुए पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि रामायण के सभी स्वरूप यात्रा के प्रमुख केंद्र हैं, क्योंकि आज की तेज भाग दौड़ की जिंदगी में हम सभी अपने वैभवशाली गौरव से अपरिचित होते जा रहे हैं। इस यात्रा के माध्यम से रामायण के विभन्न पात्रों के प्रति जागरण का कार्य समाज में किया जाएगा। उन्होंने छात्र छात्राओं से दर्शन यात्रा में अपने अभिभावक के साथ बढ़ चड़कर भाग लेने का आव्हान किया।

इसी श्रृंखला में एक टीम जलेसर रोड स्थित साक्षी कोचिंग क्लासेज में पहुंची, वहां सभी छात्र छात्राओं को दर्शन यात्रा की विस्तृत जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी ललित मोहन सक्सेना ने दी। उन्होंने बताया की दर्शन यात्रा गाजे बाजे के साथ नगर के विविध मार्गों से गुजरेगी, जहां मार्ग में जगह जगह पुष्पवर्षा कर दर्शन यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर विपुल शर्मा, दीपक कालू, अमर वर्मा, राजेश आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल

   

सम्बंधित खबर