लखनऊ में चलेगा 20 से 23 जनवरी तक क्राफ्ट प्रदर्शनी

लखनऊ, 19 जनवरी (हि.स.)। हस्तशिल्प संगठन क्राफ्टरूट्स कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी में क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन करने जा रहा है। यह अयोजन 20 से 23 जनवरी तक चलेगा।

शुक्रवार को रेडिसन सिटी सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए संस्था की निदेशक अनार पटेल ने बताया गया कि कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन 20 जनवरी की सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में किया जायेगा। उनके साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक व अन्य सम्मानित गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। चार दिवसीय क्राफ्टरूट्स लखनऊ प्रदर्शनी का समय सुबह साढ़े दस बजे से रात नौ बजे तक रहेगा।

उन्होंने बताया कि हस्तशिल्प संगठन क्राफ्टरूट्स भारत के 21 राज्यों में 25,000 से अधिक कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित एक अग्रणी संस्था है। यह शिल्प प्रदर्शनी हमारे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राष्ट्र के विभिन्न कोनों से 80 शिल्पों का प्रतिनिधित्व करने वाले 100 से अधिक कारीगरों के लिए एक जीवंत मंच प्रदान करेगी।

क्राफ्टरूट्स लखनऊ प्रदर्शनी परंपरा और नवीनता के अनूठे मिश्रण का वादा करती है, जिसमें कांच बनाने, मिट्टी के बर्तन, पारंपरिक नेल पेंटिंग और विभिन्न अन्य शिल्पों में लाइव कार्यशालाएं शामिल हैं। आगंतुकों को इन शिल्पों के पीछे की जटिल प्रक्रियाओं को देखने का अवसर मिलेगा, जिससे कारीगरों के कौशल और समर्पण के प्रति गहरी सराहना बढ़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर