समाज सदैव याद रखेगा कारसेवकों का बलिदान और संघर्ष : स्वतंत्र देव सिंह

मेरठ, 19 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए जिन लोगों ने गोली और लाठियां खाई, उन्हीं के संघर्ष का परिणाम है कि आज श्रीराम मंदिर निर्माण हो रहा है। इस समय श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव चल रहा है। समाज इन कारसेवकों का बलिदान और संघर्ष हमेशा याद रहेगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज माल रोड के सभागार में शुक्रवार को कारसेवकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 90 के दशक में प्रदेश में सपा की सरकार में रामभक्तों को जेलों में डाला जा रहा था। रामभक्तों पर लाठियां बरसाई जा रही थी और गालियां दी जा रही थी। सपा सरकार ने रामभक्तों पर पूरा सितम ढाया। जब कारसेवक विवादित ढांचे पर पहुंचे तो उन पर गोलियां चलवा दी। उस संघर्ष को रामभक्त आज भी नहीं भूले हैं। उस समय भाजपा ने श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए कल्याण सिंह ने अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी तक कुर्बान कर दी।

उन्होंने कहा कि अब अयोध्या धाम में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है। 22 जनवरी को पूरे देश में दीपावली जैसा उत्सव मनाया जाएगा। घरों में दीपक जलाने के साथ ही रामधुन बजाए। इस दौरान श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन में भाग लेने वाले कारसेवकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, करुणेश नंदन गर्ग, कमल ठाकुर, नीरज त्यागी, नरेंद्र उपाध्याय, अंकित सिंघल, सतीश शर्मा, अजय गुप्ता, विवेक रस्तोगी, डॉ. अंजू वारियर, संगीता पंडित आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/राजेश

   

सम्बंधित खबर