मिथिला विभूति पर्व समारोह संपन्न

कोलकाता, 21 जनवरी (हि.स.)। कोलकाता स्थित मैथिली भाषियों की सामाजिक संस्था मिथिला सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले दो दिवसीय मिथिला विभूति पर्व समारोह उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह बागुईआटी जर्दाबगान स्थित बंधुमहल क्लब परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं अखंड अष्टयाम संकीर्तन से माहौल भक्तिमय रहा।

अगले दिन रविवार 21 जनवरी को मैथिली के महान कवि विद्यापति की स्मृति में मिथिला विभूति पर्व समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी व शिक्षाविद भोगेंद्र झा ने किया। वैज्ञानिक एवं साहित्यकार डॉक्टर योगेंद्र पाठक 'वियोगी' ने मुख्य वक्ता के रूप में मातृभाषा के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में बिधाननगर नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य देवराज चक्रवर्ती, तीन नंबर बोडो चेयर पर्सन पियाली सरकार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मिथिला सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष रमाकांत झा ने बताया कि समारोह से पूर्व गरीबों में कंबल वितरण भी किया गया। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान व्याख्याता एवं साहित्यकार प्रीतम निषाद को बाबू साहब चौधरी सम्मान, कवि एवं गीतकार मैथिल प्रशांत को मिथिला संकीर्तन मंडली सम्मान तथा साहित्यकार एवं समाजसेवी महेंद्र हजारी को जानकी संतति सम्मान से विभूषित किया गया। इसके साथ ही भंडारे का आयोजन किया गया।

समारोह के अंत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीके बाबा, विक्रम बिहारी, हेमकांत झा 'प्यासा', रचना झा एवं ज्योति प्रिया जैसे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मिथिला के सुप्रसिद्ध उद्घोषक रामसेवक ठाकुर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ मधुप

   

सम्बंधित खबर