चंपावत के प्रगतिशील काश्तकार नवीन को प्रधानमंत्री ने किया आमंत्रित

चंपावत, 23 जनवरी (हि.स.)। जनपद के बाराकोट विकासखंड में स्थित ग्रामसभा ढटीगांव के मत्स्य पालक नवीन कुमार का चयन उन गिने चुने कुछ किसानों में हुआ है जो 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर वार्तालाप कर सकें।

मत्स्य पालक काश्तकार नवीन कुमार को यह निमंत्रण प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त हुआ है, जिसमें उनके आने-जाने एवं रहने की सारी व्यवस्था प्रधानमंत्री कार्यालय से ही की जानी है। साथ ही इस कार्यक्रम में उनकी पत्नी भी प्रतिभाग कर रही है।

जनपद मत्स्य प्रभारी कुंवर सिंह बगड़वाल ने बताया कि जनपद के तीन उन्नत मत्स्य पालकों की सूची मत्स्य निदेशालय से मांगी गई थी। इसके बाद निदेशालय स्तर से वह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय भेजी गई। नवीन का चयन प्रधानमंत्री कार्यालय के स्तर से हुआ है। नवीन कुमार को पंतनगर से हवाई यात्रा कर दिल्ली पहुंचना था, लेकिन निजी कारणों से अब वह सड़क मार्ग से दिल्ली जा रहे हैं।

मत्स्य पालक नवीन कुमार विगत 5 वर्ष से मत्स्य पालन का कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व वह राजमिस्त्री का कार्य किया करते थे। उन्होंने अपनी भूमि पर सर्वप्रथम एक तालाब से मत्स्य पालन का कार्य शुरू किया, जिससे प्रेरणा लेकर गांव के अन्य किसानों ने भी मत्स्य पालन के तालाब बनाकर गांव में मत्स्य पालन का एक क्लस्टर निर्मित किया। इसमें मत्स्य विभाग ने जिला एवं राज्य योजना से अनुदान की धनराशि सभी मत्स्य पालकों को प्रदान की। वर्तमान में उस क्लस्टर में मत्स्य पालन के साथ साथ मौसमी सब्जियां, दालें, लाल चावल और मौसमी फलों के साथ मत्स्य पालन का कार्य किया जाता है। इसमें महिलाओं का भी पूर्ण सहयोग रहता है।

हिंदुस्थान समाचार/राजीव मुरारी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर