भाजपा की ''गांव चलो अभियान'' की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित

जयपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को ‘‘गांव चलो अभियान’’ की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने अभियान की रूपरेखा और आगामी समय में जिलों में होने वाली कार्यशालाओं पर विस्तार से चर्चा की।

गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश भडाना ने बताया कि गांव चलो अभियान प्रदेश में आगामी 04 फरवरी से 11 फरवरी तक चलाया जाएगा। इस अभियान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में सभी भाजपा पदाधिकारियों सहित 85 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता 54 हजार स्थानों पर एक दिवसीय रात्रि प्रवास करेंगे। प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोककल्याणकारी योजनाओं सहित प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। वहीं प्रवास के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा से ग्रामीणों को जोड़ने, ब्रांड एबेंसेडर बनाने और नमो ऐप डाउनलोड़ कराने का कार्य किया जाएगा।

गांव चलो अभियान की कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अभियान के प्रदेश संयोजक ओमप्रकाश भडाना ने अभियान की बूथ स्तर तक की संरचना और अभियान को प्रत्येक गांव तक संचालित करने को लेकर विस्तृत रूप से जानकारी दी। इसके साथ ही अभियान के सह-संयोजक पूर्व विधायक बिहारीलाल विश्नोई ने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से अभियान की आगामी कार्ययोजना और रूपरेखा को विस्तार से बताया। कार्यशाला के समापन सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल और मोतीलाल मीणा ने कार्यशाला में मौजूद जिला संयोजक एवं सह-संयोजकों को अभियान को सफल बनाने के लिए संगठित रूप से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यशाला के दौरान मंच संचालन अभियान के सह-संयोजक महेन्द्र चांदा ने किया वहीं अभियान के सह-संयोजक व विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने कार्यशाला में मौजूद सभी जिलो के संयोजक व सह-संयोजकों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ पारीक/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर